शाहाबाद। ब्रह्माकुमारीज प्रभु अनुभूति भवन में वाह जिंदगी वाह शिविर के छठे दिन अंतरराष्ट्रीय मोटिवेशनल स्पीकर राजयोगी ब्रह्माकुमार डॉ. ईवी स्वामीनाथन ने क्रोध पर काबू कैसे पाएं विषय पर प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने विज्ञान, अनुभव और आत्मज्ञान के माध्यम से क्रोध की प्रकृति को समझाया। उन्होंने कहा कि क्रोध भीतर जलती हुई एक अग्नि है, जिसे अंगार कहा जा सकता है और इससे छुटकारा पाने के लिए इसे पहचानना और समझना बेहद आवश्यक है। जब भी गुस्सा आए, उसके सामने डी यानी डेंजर का बोर्ड लगा दो। उन्होंने समझाया कि क्रोध एक भीतरी प्रतिक्रिया है, बाहरी नहीं और इसका समाधान आत्मनिरीक्षण एवं शांतिपूर्ण जीवनशैली में है। उन्होंने यह भी बताया कि आहार का हमारे व्यवहार पर गहरा प्रभाव होता है। क्रोध को नियंत्रित करने के लिए उन्होंने नॉनवेज से परहेज और फल, हरी सब्जियां तथा अंकुरित आहार को अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डॉ. एसएस आहुजा (प्रधान, रोटरी क्लब शाहाबाद) द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद अमित सिंघल, डॉ. हिमांशु, डॉ. रामगोपाल तथा श्रीकृष्ण कृपा जिओ गीता परिवार से चेयरपर्सन खरैती लाल मक्कड़, सुरेंद्र बजाज, नरेश शर्मा, राजेंद्र बतरा, ललित गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष गुलशन कवात्तरा उपस्थित रहे।