{"_id":"6114274e8ebc3e75912a8a5d","slug":"surendra-dedicates-the-medal-to-the-country-asked-for-astroturf-for-kurukshetra-kurukshetra-news-knl796863186","type":"story","status":"publish","title_hn":"कुरुक्षेत्र: ओलंपिक पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ ने की एस्ट्रोटर्फ की मांग, विधायक बोले-उन्हीं के नाम से लगाया जाएगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कुरुक्षेत्र: ओलंपिक पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़ ने की एस्ट्रोटर्फ की मांग, विधायक बोले-उन्हीं के नाम से लगाया जाएगा
Thu, 12 Aug 2021 01:08 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 12 Aug 2021 01:08 AM IST
सार
सुरेंद्र ने कहा कि उनके गुरु गुरविंद्र सिंह से हॉकी सीखने के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं, वह उनका कभी कर्ज नहीं उतार पाएंगे। इसके साथ ही पिता मलखान सिंह, माता नीलम देवी, भाई नरेंद्र कुमार काला सहित साथियों का हमेशा सहयोग रहा है।
विज्ञापन
अपने माता-पिता के साथ खिलाड़ी सुरेंद्र पालड़।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के सदस्य सुरेंद्र पालड़ ने अपना पदक देश को समर्पित किया है। सुरेंद्र ने कहा कि इस पदक को देश के लिए जीता है। इस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम को गोल्ड मेडल की पूरी आशा थी लेकिन टीम को कांस्य पदक मिला है। साथ ही उन्होंने मांग की कि द्रोणाचार्य स्टेडियम के साथ एक एस्ट्रोटर्फ लगाया जाए, ताकि इस मैदान से और अधिक खिलाड़ी तैयार हो सकें।
विज्ञापन
इस पर विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि सरकार के पास प्रस्ताव भेजा जाएगा कि द्रोणाचार्य स्टेडियम के साथ खाली जमीन पर ओलंपियन सुरेंद्र कुमार पालड़ के नाम पर एक एस्ट्रोटर्फ लगाया जाए। वहीं गांव पलवल में 20 एकड़ जमीन में स्वर्ण जयंती स्टेडियम का निर्माण किया जाए। इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल और खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह के समक्ष रखा जाएगा। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि खिलाड़ी ने पूरे विश्व में देश का नाम रोशन किया है। खिलाड़ी का मान-सम्मान करने के लिए पूरा शहर और संस्थाएं आतुर नजर आएं। खिलाड़ी सुरेंद्र ने भारतीय हॉकी टीम को 41 सालों के बाद पदक जिताने का काम किया है। ये पल इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में लिखे और याद किए जाएंगे क्योंकि यह खिलाड़ी विश्व पर्यटन स्थल कुरुक्षेत्र का बेटा है। इस बेटे ने अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
विज्ञापन
उमरी चौक पर अपने स्वागत में निकाले गए रोड शो में सुरेंद्र ने कहा कि उनके गुरु गुरविंद्र सिंह से हॉकी सीखने के बाद इस मुकाम तक पहुंचे हैं, वह उनका कभी कर्ज नहीं उतार पाएंगे। इसके साथ ही पिता मलखान सिंह, माता नीलम देवी, भाई नरेंद्र कुमार काला सहित साथियों का हमेशा सहयोग रहा है। इन सभी के सहयोग से निश्चित ही देश के लिए पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीत कर लाएंगे। रोड शो उमरी चौक से शुरू होकर सेक्टर-2, 3, पिपली चौक, पुलिस लाइन, सेक्टर-5, 7, गुलजारी लाल नंदा मार्ग से होता हुआ द्रोणाचार्य स्टेडियम में पहुंचा।
विज्ञापन
करीब दो किलोमीटर के रोड शो के दौरान लायंस क्लब, रोटरी क्लब सहित अन्य संस्थाओं ने पुष्प वर्षा करके ओपन जीप में सवार ओलंपियन सुरेंद्र का स्वागत और अभिनंदन किया। द्रोणाचार्य स्टेडियम में पहुंचने पर डीसी मुकुल कुमार, पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग, डीएसओ बलबीर सिंह, क्रीड़ा भारती के जिलाध्यक्ष डीपी चौधरी, साई के उपनिदेशक सुभाष मसानिया ने पुष्प गुच्छ भेंट कर सुरेंद्र का स्वागत किया। डीसी मुकुल कुमार ने कहा कि सुरेंद्र युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। इनसे प्रेरणा लेकर युवा पीढ़ी और अधिक उत्साह से अभ्यास करेगी। इस दौरान प्रो-जिम सेक्टर 10 के संचालक बलवान सिंह अमीन ने ओलंपियन सुरेंद्र व उनके पूरे परिवार को जिम में आजीवन सदस्यता दी।