कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय परिसर में आई लव एसकेएयू सेल्फी प्वाइंट स्थापित किया गया। यह विद्यार्थियों, शिक्षकों और आगंतुकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने इस पर हर्ष जताया। यह विवि से संबंधित प्रत्येक व्यक्ति की भावनाओं और आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक है। यहां बिताए पल जीवन भर की यादें बन जाते हैं। आई लव एसकेएयू सेल्फी प्वाइंट विद्यार्थियों को अपने विवि के साथ जुड़ाव और गौरव की अनुभूति कराएगा। छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं आगंतुक अपने यादगार क्षणों को तस्वीरों के माध्यम से संजो सकेंगे और विश्वविद्यालय की सकारात्मक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में योगदान देंगे।
कुलपति वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि आई लव एसकेएयू सेल्फी प्वाइंट स्वास्थ्य जागरूकता संदेश देने का भी माध्यम है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को प्रेरित करने के लिए मेरा स्वास्थ्य-मेरी जिम्मेदारी का संदेश दिया जा रहा है। विवि का उद्देश्य शिक्षा के साथ समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। कुलसचिव डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता ने कहा कि सेल्फी प्वाइंट विश्वविद्यालय के प्रति अपनत्व और गौरव की भावना को और मजबूत करेगा। इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणधीर सिंह, प्रो. ब्रिजेंद्र सिंह तोमर, केडीबी के पूर्व मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा, पूर्व प्राचार्य डॉ. वीवी छिकारा और डॉ. जोरावर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।