{"_id":"58d419b84f1c1b61371a1686","slug":"road-accident-two-drivers-burn-truck-damage-accident-kurukshetra","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो ट्रकों की भिड़ंत में जिंदा जले दोनों ड्राइवर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दो ट्रकों की भिड़ंत में जिंदा जले दोनों ड्राइवर
ब्यूरो/कुरुक्षेत्र,अमर उजाला
Updated Fri, 24 Mar 2017 12:23 AM IST
विज्ञापन
burned trucks
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुरुक्षेत्र-यमुनानगर रोड पर वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। इसके बाद ट्रकों में लगी आग की चपेट में आने से दोनों ट्रकों के ड्राइवर जिंदा जल गए। पुलिस को हादसे की जानकारी यमुनानगर से पानीपत जा रहे एक ट्रक के सहचालक ने दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं दमकल केंद्र की फायर ब्रिगेड गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन तक तक दोनों ट्रक बुरी तरह से जलकर क्षतिग्रस्त हो गए थे।
विज्ञापन
आग बुझाने के साथ फायर दमकल केंद्र की टीम ने दोनों ट्रकों के चालकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं ट्रकों के नंबरों के आधार पर इनके मालिकों और जिंदा जल कर मौत का शिकार हुए चालकों के परिजनों को सूचित किया। समाचार लिखे जाने तक दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए थे। लाडवा थाना पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान ट्रक के चालक जिला करनाल के गांव कलरी जागीर वासी दीपा पुत्र इंद्राज सिंह और मूल रुप से जिला सोनीपत के गांव नैना वासी जगपाल पुत्र धारा सिंह के रुप में हुई है। जगपाल पिछले कुछ समय जिला करनाल के घरौंडा स्थित भोला कालोनी में रह रहा था।
विज्ञापन
रेत से भरे ट्रक में भिड़ा था खाली ट्रक
रेत से भरा ट्रक नंबर एचआर 67 ए 7233 यमुनानगर से घरौंडा जा रहा था। इस दौरान गांव बन के निकट सामने से आ रहे ट्रक नंबर एचआर 45 बी 2845 ने उसे टक्कर मार दी। बताया गया है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तुरंत दोनों ट्रकों में आग लग गई और ट्रक चालकों बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका। सूचना के बाद लाडवा थाना प्रभारी निर्मल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने के लिए बुलाया।
विज्ञापन
फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद आग बुझाने में लगा आधा घंटा
ट्रक में लगी आग की लपटें इतनी ज्यादा थी कि दो फायर बिग्रेड को आग बुझाने में करीब आधा घंटा लग गया। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया तब तक दोनों ट्रक चालक जल चुके थे। ट्रकों की टक्कर लगने से जाम लग गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से एक ट्रक को रास्ते से हटवाकर जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू किया।
ट्रकों पर लिखे फोन नंबरों से दी सूचना
पुलिस ने ट्रकों पर लिखे फोन नंबरों पर दुर्घटना की सूचना दोनों ट्रकों के मालिकों को दी थी। इस सूचना पर ट्रकों के मालिक और ट्रक चालकों के परिजन मौके पर पहुंचे और ट्रक चालकों की शिनाख्त की। बताया गया है कि एक अन्य ट्रक के सहचालक मंजीत सिंह निवासी गगसीना ने पुलिस को शिकायत दी है।
एक अन्य ट्रक चालक की शिकायत पर मामला दर्ज : एसएचओ
लाडवा थाना के प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मंजीत सिंह ने पुलिस को शिकायत की है कि वीरवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब वह अपने साथी के साथ यमुनानगर से अपने ट्रक में पानीपत जा रहे थे तो गांव बन के पास लाडवा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके आगे चल रहे एक ट्रक को टक्कर मारी दी, जिसके बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। पुलिस ने मनजीत सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।