फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kurukshetra News ›   PM Modi Rally in Kurukshetra Today Prime Minister Narendra Modi Address Rally Haryana Assembly Elections

PM Modi Rally: कुरुक्षेत्र में बोले पीएम- जब तक मोदी है, आरक्षण की व्यवस्था में रत्तीभर भी कमी नहीं आएगी

Sat, 14 Sep 2024 05:53 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sat, 14 Sep 2024 05:53 PM IST
सार

PM Modi Rally in Haryana Kurukshetra: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्तूबर को मतदान होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भाजपा के प्रचार को धार देने कुरुक्षेत्र के थीम पार्क में रैली को संबोधित करने पहुंचे। मोदी ने यहां से छह जिलों की 23 विधानसभा सीटों को साधा।

विज्ञापन
PM Modi Rally in Kurukshetra Today Prime Minister Narendra Modi Address Rally Haryana Assembly Elections
मंच से संबोधित करते पीएम नरेंद्र मोदी। - फोटो : संवाद

विस्तार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को कुरुक्षेत्र से अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत कर दी। प्रधानमंत्री दोपहर बाद गीता की धरा से जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करने पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय पहुंचे जहां सीएम नायब सैनी उन्हें रिसीव करने गए। पीएम नरेंद्र मोदी मंच पर पहुंचे तो सीएम नायब सैनी ने पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया।
विज्ञापन

विज्ञापन

पीएम मोदी ने जय श्री कृष्ण और राम राम के संबोधन के साथ रैली में संबोधन शुरू किया। उन्होंने हरियाणवी अंदाज में कहा कि मन्नै इस पवित्र धरती पै आणकै घणा आच्छा लाग रया सै।पीएम मोदी ने मंच से कहा कि कांग्रेस देश की एकता पर लगातार हमला कर रही है। भाजपा को बदनाम करने के लिए उसको भारत को बदनाम करने में शर्म नहीं आ रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसलिए अब कांग्रेस और उसके साथियों से सावधान रहना है। आज की कांग्रेस अर्बन नक्सल का नया रूप बन गई है। कांग्रेस को अब झूठ बोलने में कोई शर्म नहीं आती है। कांग्रेस हर रोज एक नया झूठ बोलती है। कांग्रेस के लिए तुष्टिकरण ही सबसे बड़ा लक्ष्य है। आज तो हालत ये हो गई है कि कांग्रेस के राज में कर्नाटक में गणपति जी को भी सलाखों के पीछे डाला जा रहा है। पूरा देश आज गणेश उत्सव मना रहा है... और कांग्रेस विघ्नहर्ता की पूजा में भी विघ्न डाल रही है।

ये रही भाषण की खास बातें
आरक्षण खत्म कर देगी कांग्रेस

पीएम ने कहा कि भारत में सबसे बड़ा दलित, ओबीसी और आदिवासी विरोधी अगर कोई है तो वो कांग्रेस का परिवार है। अभी इन लोगों ने कहा है कि अगर सरकार में आए तो दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे। यही इस परिवार की सच्चाई है।

कांग्रेस ने किसानों और जवानों को धोखा दिया

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कर्मचारियों की हितैषी भाजपा सरकार नई पेंशन स्कीम लेकर आई है। इसमें कर्मचारियों के लिए निश्चित पेंशन की गारंटी है। इस नई पेंशन स्कीम का व्यापक स्वागत हुआ है, सरकारी कर्मचारियों ने इस पर खुशी जताई है। कांग्रेस ने किसानों के साथ ही हमेशा देश की रक्षा करने वाले जवानों को भी धोखा दिया है। ये भाजपा सरकार ही है, जिसने पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक वन पेंशन लागू की।

भाजपा सरकार ने किसान का बोझ अपने ऊपर लेने के प्रयास किए

ये लोग एमएसपी को लेकर कितना शोर मचाते हैं, जबकि हमारा हरियाणा देश का वो राज्य है, जो 24 फसलें एमएसपी पर खरीदता है। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि वो लोग कर्नाटक और तेलंगाना में कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदते हैं? वहां किसानों को कितना एमएसपी देते हैं? भाजपा की केंद्र सरकार ने किसान का बोझ अपने ऊपर लेने के लिए अनेक प्रयास किए हैं।

कांग्रेस की एक ही नीति- चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करो

कांग्रेस किसानों के लिए बड़ी-बड़ी बातें करती है, उन्हें बड़े-बड़े सपने दिखाती है। सच्चाई ये है कि ये झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर कांग्रेस में दम है, तो वो कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी किसान योजनाएं क्यों नहीं लागू करती? कर्नाटक और तेलंगाना में विकास के सारे काम ठप्प हैं। कांग्रेस पार्टी की एक ही नीति है- चुनाव जीतने के लिए जनता का खजाना खाली करो। इसी तरह आप पंजाब की हालत देखिए... क्या कर दी है।

कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं

प्रधानमंत्री ने कहा कि जनता की परेशानी से, जनता की समस्याओं से कांग्रेस को कभी कोई फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस से बड़ी बेईमान और धोखेबाज पार्टी देश में और कोई नहीं है। भाजपा सरकार के आने से पहले यहां आधे घरों में नल कनेक्शन नहीं था। आज हरियाणा करीब-करीब शत प्रतिशत नल से जल वाला राज्य बन रहा है।

भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा

पीएम बोले, हमने कांग्रेस की सरकार का वो दौर देखा है... विकास का पैसा सिर्फ एक जिले तक सीमित रह जाता था। इतना ही नहीं, वो पैसा किस-किस के जेब में जाता था, इसको भी हरियाणा का बच्चा-बच्चा जानता है। भाजपा ने पूरे हरियाणा को विकास की धारा से जोड़ा है।

15 लाख करोड़ रुपये के नए काम शुरू करवाए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैंने कहा था कि इस बार भाजपा सरकार के पहले 100 दिन में बड़े फैसले के होंगे। गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के मजबूत बनाने वाले होंगे। अभी 100 दिन पूरे भी नहीं हुए हैं, लेकिन हमारी सरकार ने करीब 15 लाख करोड़ रुपये के नए काम शुरू करवा दिए हैं।"

राहुल गांधी पर हमला 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने खटाखट 8500 देने का झूठ बोला। लोग 1 जुलाई को लाइन में लग गए पैसे के लिए, लेकिन मिला केवल धोखा। पीएम मोदी ने कांग्रेस को धोखेबाज और झूठे वादे करने वाला बताया। बोले कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की स्थिति खराब कर दी। 

हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस पर बोला हमला 

पीएम मोदी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में हर घर को झूठ की घुट्टी पिलाई। कोई वायदा पूरा नहीं किया। सरकारी कर्मी वेतन के लिए हड़ताल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री व मंत्री को सैलरी छोड़ने का बहाना करना पड़ रहा है। 

'भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा के आधे घरों में नल कनेक्शन नहीं थे'

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह दौर देखा है जब विकास का पैसा एक जिले तक ही रह जाता था। भाजपा सरकार आने से पहले हरियाणा के आधे घरों में नल कनेक्शन नहीं थे। अब शत प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन हैं। भाजपा सरकार गरीब व मध्यम वर्ग के लिए बिजली का बिल जीरो करने में जुटी है। इसके लिए पीएम सूर्य उदय योजना शुरू की है।

हरियाणा में भाजपा सेवाभाव के साथ कर रही काम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले 50 साल का इतिहास है कि हरियाणा की विशेषता रही है दिल्ली में जिसकी सरकार रहती है हरियाणा में भी उसी की सरकार बनाते हैं कभी उलट फेर नहीं होने देते हैं... कुरुक्षेत्र से तो हमारे मुख्यमंत्री खुद ही उम्मीदवार हैं। हरियाणा में भाजपा सेवाभाव के साथ काम कर रही है। हम जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं। हरियाणा में बीजेपी की हैट्रिक तय है।

'आप लोग इस गरीब के बेटे को आशीर्वाद दीजिए'

पीएम मोदी ने कहा कि मैं आज हरियाणा के लोगों के बीच आया हूं, आप लोग इस गरीब के बेटे को आशीर्वाद दीजिए, भाजपा को आशीर्वाद दीजिए... फिर एक बार भाजपा सरकार। पीएम बोले कि कुरुक्षेत्र में आना, भारत की संस्कृति के तीर्थ का दर्शन करना मन को भर देता है। यहां गीता का ज्ञान है, यहां सरस्वती सभ्यता के निशान है, ये गुरु गोविंद सिंह जी की छठी पातशाही की धरती है। यहां श्री गुरु गोविंद सिंह जी की चरण पड़े हैं।  ऐसी पावन धरती से मैं आपसे फिर एक बार भाजपा सरकार बनाने का निवेदन करने आया हूं। 

भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती है

पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तारीफ की। उन्होंने ने कहा कि नायब सिंह सैनी प्रदेश के विकास के लिए 24 घंटे तैयार हैं। मुख्यमंत्री का पिछड़े समाज से पहुंचना बड़ी उपलब्धि है। पीएम बोले कि भाजपा जो कहती है उसे पूरा करती है। तीन करोड़ पक्के घरों को मंजूर किया गया है। यह गरीब के सपनों का घोसला होगा। उनका पक्का पता होगा। एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदीयां बन चुकी हैं और तीन लाख बनाने का लक्ष्य है। सैकड़ो लखपति दीदीयां हरियाणा में भी बनी हैं। 70 वर्ष के बुर्जुगों को भी अब पांच लाख तक का स्वास्थ्य लाभ मिलेगा चाहे वह किसी भी वर्ग से हो। अब उसके बच्चों को बुजुर्गों की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे, प्रत्याशी भी रहे मौजूद

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी रैली में पहुंचे। रैली में साढाैरा से प्रत्याशी बलवंत सिंह, अंबाला शहर से असीम गोयल और कालका से शक्ति रानी भी मौजूद रहे। रैली में और भी  भाजपा के प्रत्याशी भी पहुंचे। इनमें थानेसर से सुभाष सुधा, घरौंडा से हरविंदर कलयान, इंद्री से राम कुमार कश्यप, नीलोखेड़ी से भगवान दास कबीर पंथी, असंध से योगेंद्र राणा, 
पूंडरी से सतपाल जाबा, करनाल से जगमोहन आनंद, शाहाबाद के सुभाष चंद्र, रादाैर से श्याम सिंह राना, पंचकूला से ज्ञानचंद गुप्ता के अलावा मुख्यमंत्री नायब सैनी, कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल और कैथल से प्रत्याशी लीलाराम गुर्जर नजर आए। इनके अलावा रैली में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अनिल विज और कंवरपाल गुर्जर भी पहुंचे। 

पहली बार जीटी बेल्ट से प्रचार की शुरुआत

आम तौर पर पीएम मोदी हरियाणा में चुनावी रैलियों की शुरुआत दक्षिण हरियाणा से करते आए हैं। मगर इस बार जीटी बेल्ट को मजबूत करने के उद्देश्य से वह कुरुक्षेत्र पहुंचे। रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा ने पूरी तैयारी की। प्रदेश अध्यक्ष के साथ सीएम नायब सिंह सैनी रैली स्थल का दौरा करके गए। भाजपा ने अपने सभी कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने का लक्ष्य दिया था।

लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार आएंगे मोदी

धर्मनगरी की धरती से मोदी उत्तर हरियाणा के छह जिलों की 23 विधानसभा सीट के मतदाताओं को साध गए। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार मोदी हरियाणा में आए और राज्य में हैट्रिक जमाने के लिए विपक्ष को घेरा।

बरसात ने बढ़ाई प्रशासन की मुश्किलें

कुरुक्षेत्र में देर रात और अल सुबह हुई बारिश ने प्रशासन की मुश्किल बढ़ा दी। रैली स्थल पर कीचड़ से निपटना चुनौती बना। जेसीबी, ट्रैक्टरों के सहारे प्रयास किया गया। सुबह से धूप खिली, लेकिन अल सुबह हुई बारिश के कारण कीचड़ फैल गया था। 

तैयारियों में जुटा रहा प्रशासन

शुक्रवार देर रात तक सड़कों के गड्ढों को भरने में मजदूर लगे रहे और सड़कों पर सफेद पट्टियां लगाई गई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के थर्ड गेट से लेकर रैली स्थल तक सभी दुकानें बंद कराई जा गई तथा चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed