कुरुक्षेत्र। पेंशन बहाली संघर्ष समिति की जिला कार्यकारिणी ने मंगलवार को पुरानी पेंशन बहाली की मांग के लिए सीएम आवास पर कार्यालय प्रभारी कैलाश सैनी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला प्रधान नरेश फूले ने बताया कि राज्य कार्यकारिणी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी विधायकों को पुरानी पेंशन बहाली की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों की सामाजिक व स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन बहाल करने की अपील की गई।
राज्य कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मोनिका भारद्वाज ने बताया कि कर्मचारी एनपीएस और यूपीएस का पूर्ण रूप से विरोध दर्ज करवा चुके हैं। उनका कहना है कि न तो एनपीएस और न ही यूपीएस में कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित है। कर्मचारियों के लंबे संघर्ष और उनकी सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार को शीघ्र पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। इस अवसर पर जिला संरक्षक डॉ. रविदत्त शर्मा, राज्य कार्यकारिणी आईटी सेल प्रभारी अनिल सैनी, कुलदीप शर्मा, यशपाल, अमरजीत पांचाल, धर्मवीर, राजेंद्र टंडन, राजपाल कालरा, विवेक धानिया, सतपाल सुलखनी, संदीप रंगा, वीरेंद्र सिरोही, राजेंद्र रामगढ़, डॉ. राममेहर, विनोद गोगपुर मौजूद रहे।