कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में बुधवार को सीनेट हॉल में कुवि की एकेडमिक काउंसिल की 126वीं बैठक का आयाेजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के पीजी कोर्सेज में नए सत्र से राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने की मंजूरी दी गई है, जिसमें पीजी के 88 पाठ्यक्रम शामिल हैं। बैठक में एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रम तथा पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम कार्यक्रम को भी मंजूरी प्रदान की गई। इसी के साथ थाईलैंड, इंडोनेशिया, अजरबैजान सहित अन्य देशों के विश्वविद्यालयों से कुवि के एमओयू को संस्तुति प्रदान की गई।
निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि इसी के साथ बैठक में पर्यावरण को संरक्षित करने के लिए विश्वविद्यालय के प्रत्येक छात्र को भविष्य में पेड़ लगाने की योजना पर भी सहमति बनी, जिसे सुचारू रूप से लागू करने के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी जो इस योजना का प्रारूप निर्धारित करेगी। बैठक में 51 प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने की। इस मौके पर कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. अनिल वशिष्ठ, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. एआर चौधरी, प्रो. सुनील ढींगरा, प्रो. मंजुला चौधरी, चीफ वार्डन डॉ. जसबीर ढांडा, प्रो. रीटा दलाल, प्रो. कुसमलता, प्रो. एसपी सिंह, प्रो. हरिसिंह सैनी, सहित डीन, निदेशक, एकेडमिक काउंसिल के सदस्य मौजूद रहे। संचालन कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा ने किया।