उपायुक्त मुकुल कुमार ने कहा कि पूरा देश कोरोना वैश्विक महामारी के रूप में एक चुनौती का सामना कर रहा है। इस दौरान हरिद्वार कुंभ में हिस्सा लेने के लिए श्रद्धालुओं को आवश्यक बातों का ध्यान रखना होगा। इसके तहत उन्हें उत्तराखंड सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। साथ ही कोरोना की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। उन्होंने बीमारी से पीड़ित लोगों से कुंभ में नहीं जाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि मार्च-अप्रैल में हरिद्वार में कुंभ मेले का आयोजन किया जाना है, जिसमें हरियाणा से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मेले में 65 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय, फेफड़े और गुर्दे की बीमारियों से ग्रस्त व्यक्ति, कम प्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्ति, कैंसर, मस्तिष्क रोग से पीड़ित, गर्भवती महिलाओं आदि को नहीं जाने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि इस मेले में जाने के इच्छुक श्रद्धालुओं को सबसे पहले उत्तराखंड सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। साथ ही मोबाइल में आरोग्य सेतु एप का उपयोग करना होगा। मेला क्षेत्र में प्रवेश के दौरान स्वास्थ्य प्रमाण पत्र व प्रवेश के समय से 72 घंटे पूर्व की कोविड-19 आरटीपीसीआर की नेगेटिव जांच रिपोर्ट साथ लानी होगी।