Haryana Weather News: कुरुक्षेत्र में हुई झमाझम बारिश, फिर से किसानों की चिंता बढ़ी, खुले में पड़ा गेहूं भीगा
हरियाणा में लगातार मौसम के बदलाव के चलते बारिश हो रही है। आज सुबह भी कुरुक्षेत्र में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। जिसके कारण किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ी है।
विस्तार
गेहूं का सीजन भले ही निपटने की स्थिति में है, लेकिन मौसम में आए बदलाव ने किसानों के लिए मुश्किलें बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह होते ही लगातार दूसरे दिन फिर झमाझम बारिश हुई। जिससे मंडियों में लाखों रुपये का गेहूं फिर भीग गया तो वहीं खेतों में पशु चारा बनाने आदि का काम भी ठप हो गया है।
सीजन के अंत में किसानों की बढ़ी मुश्किलें
रविवार देर रात से मौसम में बदलाव आया, जिसके चलते सोमवार को जहां जिला भर में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश हुई। वहीं, शाहाबाद के गांव नलवी व आसपास के क्षेत्र में जमकर बारिश हुई थी। बारिश के चलते मुख्यमंत्री का जनसंवाद कार्यक्रम भी ओच-पोच हो गया था। वहीं मंगलवार अल-सुबह जहां बूंदाबांदी शुरू हुई तो सुबह होते ही फिर तेज बारिश हुई, जो करीब एक घंटे तक चली। इसके बाद भी बारिश के आसार बने रहे।
गेहूं उठान की बाट जोह रहा
हालांकि सीजन निपटने के चलते मंडियों से अधिकतर गेहूं का उठान कर लिया गया है और आवक भी न के बराबर रह गई है, इसके बावजूद मंडियों में लाखों रुपये का गेहूं भीगा है। प्रशासन का दावा है कि मंडियों में करीब पांच फीसदी ही गेहूं उठान के लिए बचा है और इसमें से भी अधिकतर शेड के नीचे है, लेकिन कई मंडियों व खरीद केंद्रों पर शेड के बाहर भी गेहूं उठान की बाट जोह रहा है।
बड़ी मात्रा में गेहूं का उठान बाकी
जिला भर की अनाजमंडियों में अब तक विभिन्न एजेंसियों द्वारा 494228 एमटी गेहूं की खरीद की गई है, जिसमें से सोमवार देर रात तक 443304 एमटी गेहूं का उठान किया जा सका। ऐसे में अभी भी बड़ी मात्रा में गेहूं का उठान बाकी है। उधर जिला खाद् एवं पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सैनी का कहना है कि बारिश से फिलहाल कोई खास नुकसान नहीं है।
पशुपालकों के समक्ष समस्या
उधर किसान रणधीर सिंह, विक्रम, राज सिंह आदि का कहना है कि अभी कुछ लोगों की फसल मंडियों तक पहुंच ही रही थी तो बड़े स्तर पर किसान गेहूं की फसल के अवशेषों से भूसा बनाने में लगे थे। बारिश से यह सभी कार्य ठप हो गए है। ऐसे में इस बार पशु चारे को लेकर भी किसानों व पशुपालकों के समक्ष समस्या हो सकती है।
कैथल में रूक-रूक कर बूंदाबांदी
सोमवार देर रात से ही ठंडी हवाएं चल रही है। इसके साथ ही रूक-रूक कर बूंदाबांदी हुई। वहीं मंडियों में गेहूं का उठान न होने के कारण गेहूं भीग गया है। मंगलवार सुबह से ही 19 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन दिनों तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच जाता था
आगामी दो दिनों तक और बरसात की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को 40 प्रतिशत बरसात व बुधवार को 90 प्रतिशत बरसात होने की संभावना है। गौरतलब है कि लगभग 10 वर्षों बाद मई माह का पहला सप्ताह इतना ठंडा चल रहा है। अन्य वर्षों में अब तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच जाता था।