हरियाणा विधानसभा चुनाव: भाजपा प्रत्याशियों ने किए नामांकन दाखिल किए, CM नायब का दावा- तीसरी बार बनेगी सरकार
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नामांकन से पहले अपने कार्यालय का उद्घाटन किया और इस मौके पर हवन यज्ञ का आयोजन भी किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में उनकी पत्नी सुमन सैनी और भाजपा के सभी स्थानीय नेता मौजूद रहे।
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने आज अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन पत्र दाखिल किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने से पहले अपने आत्मविश्वास से कहा कि उन्हें लाडवा के लोगों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के नतीजे आने पर हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनेगी।
#WATCH | Kurukshetra: Ahead of filing his nomination, Haryana CM Nayab Singh Saini says, "I am showered with the love and blessings of the people of Ladwa Assembly constituency. When the results come, BJP will form its government for the third time in Haryana. We are going to… pic.twitter.com/u1EMVubazF
— ANI (@ANI) September 10, 2024विज्ञापन
सीएम सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि हम पीएम मोदी के साथ मिलकर हरियाणा में विकास को और आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि हुड्डा के पास न तो कोई नीति है और न ही नीयत। कांग्रेस भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और उनके पास जनता के लिए कोई ठोस योजना नहीं है।
राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी आज कुरुक्षेत्र जिला सचिवालय में अपना नामांकन पत्र भरा। मुख्यमंत्री नायब सैनी के इस दौरान उनके साथ मौजूद रहे। जिससे दोनों नेताओं के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। जनसभाओं में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता की उपस्थिति देखी गई, जिससे दोनों नेताओं के प्रति समर्थन का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पानीपत शहरी से विधायक प्रमोद विज ने किया नामांकन दाखिल
पानीपत शहर से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद विज के नामांकन के मौके पर शहरी एवं ऊर्जा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने विपक्ष पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा मजबूत स्थिति में है और प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों और योग्यता आधारित सरकारी नौकरियों के सिस्टम से जनता संतुष्ट है।
उन्होंने दावा किया कि पानीपत समेत करनाल लोकसभा क्षेत्र की सभी 9 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होंगे। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि प्रदेश में सभी वर्गों को साथ लेकर काम किया जा रहा है। पार्टी में नाराज नेताओं पर उन्होंने कहा कि भाजपा एक बड़ा परिवार है, और परिवार में कोई सदस्य नाराज होता है तो उसे मना लिया जाता है।
समालखा से कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोक्कर ने भी भरा नामांकन
समालखा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छोक्कर ने अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने एसडीएम समालखा अमित कुमार को नामांकन पत्र सौंपा। नामांकन से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए धर्म सिंह ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और वह पुनः विधायक बनकर पिछले 5 साल की अधूरी कसर पूरी करेंगे।
भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने भरा नामांकन
पूर्व वित्त मंत्री एवं नारनौंद से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कैप्टन अभिमन्यु के बेटे सात्विक सिंधु ने उनके कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरा है। इस मौके पर पूर्व विधायक दादा रामकुमार गौतम ने कैप्टन अभिमन्यु को जीत का आशीर्वाद दिया।
नामांकन पत्र भरने से पूर्व भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु ने अपने पैतृक गांव खांडा खेड़ी में हवन यज्ञ किया। इस मौके पर कैप्टन अभिमन्यु के पारिवारिक सदस्य और समर्थक मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने अपनी माता परमेश्वरी देवी का आशीर्वाद लिया।
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि नारनौंद हलके में आपकी स्थिति बहुत मजबूत है। आज आपमें जो जोश है, उसे मतदान तक बनाए रखना है। आपकी मेहनत के बलबूते नारनौंद में फिर से कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में हलके में अनेक विकास कार्य हुए। इस बार युवाओं के रोजगार पर विशेष फोकस रहेगा। युवा वर्ग को उच्च शिक्षा तथा उन्हें रोजगार के बेहतरीन अवसर प्रदान करने के लिए रोड मैप तैयार कर लिया गया है। भाजपा की प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनने पर नारनौंद हलके में विशेष कोचिंग सेंटर तथा रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
यमुनानगर के साढौरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलवंत सिंह ने केंद्रीय राज्य कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही।

हिसार के नलवा विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रणधीर पनिहार ने भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता इस मौके पर उनके साथ मौजूद रहे।

चरखी दादरी के दादरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व जेलर सुनील सांगवान ने चुनाव के लिए अपना नामांकन भरा। इस अवसर पर सांसद धर्मबीर सिंह, पहलवान बबीता फोगाट, और भाजपा जिला अध्यक्ष किरण कलकल भी मौजूद रहीं। सांगवान के नामांकन से क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।

बाढड़ा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेद पातुवास ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान राज्यसभा सांसद किरण चौधरी और सांसद धर्मबीर सिंह उनके साथ उपस्थित थे, जिससे चुनावी माहौल में और जोश देखने को मिला।
उकलाना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी अनूप धानक ने पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे और पूरे क्षेत्र में चुनावी हलचल देखने को मिल रही है।
झज्जर से कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने नामांकन किया, शपथ पत्र में सुधार की मांग
झज्जर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने अपना नामांकन दाखिल किया। पहले उन्होंने खुद नामांकन जमा किया, लेकिन बाद में सांसद दीपेंदर हुड्डा के आगमन के बाद नामांकन को दोबारा जमा किया। गीता भुक्कल ने शपथ पत्र के सन्दर्भ में एतराज जताया और कहा, "शपथ पत्र में केवल 'शपथ लेता हूं' लिखा है, जबकि इसमें 'लेती हूं' भी लिखा होना चाहिए।" उन्होंने बताया कि उन्होंने पांच साल पहले भी इसी मुद्दे पर एतराज जताया था।
रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) रविंदर ने आश्वस्त किया कि चुनाव आयोग को इस मुद्दे को सुधारने के लिए लिखा जाएगा। सांसद दीपेंदर हुड्डा ने गीता भुक्कल की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूत स्थिति और जनता का समर्थन उन्हें जीत दिलाएगा। इस घटनाक्रम से चुनावी हलकों में हलचल बढ़ गई है और गीता भुक्कल की शपथ पत्र संबंधी आपत्ति ने चर्चा का विषय बना दिया है।