विदेशी धरती पर होगी गीता महाआरती: पैरामाटा रिवर के किनारे होगा आयोजन, शामिल होंगे ढाई हजार लोग
कुरुक्षेत्र की तर्ज पर विदेशी धरती पर गीता महाआरती की जाएगी। पहली बार वर्ष 2019 में 14 से 16 फरवरी तक मॉरीशस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता महोत्सव मनाया गया था। इस बार 28 अप्रैल से आस्ट्रेलिया में महोत्सव का आयोजन है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में अब विदेशी धरती पर भी गीता के श्लोक गूंजेंगे। इस बार 28 अप्रैल से ऑस्ट्रेलिया में महोत्सव का आयोजन है, जहां पैरामाटा रिवर के किनारे पर गीता महाआरती का होगी। यह पहला मौका होगा, जब कुरुक्षेत्र की तर्ज पर विदेशी धरती पर गीता महाआरती की जाएगी। इसमें करीब ढाई हजार लोग हिस्सा लेंगे। वहीं पांच पंडितों द्वारा महाआरती कराई जाएगी। इस आयोजन को लेकर कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने कार्यक्रम तय कर लिया है, जिसके मुताबिक महोत्सव में वहां की सरकार के प्रतिनिधियों संग सामाजिक संस्थाओं के लोग भी शामिल होंगे।
वर्ष 2019 में पहली बार मॉरीशस में की गई थी महोत्सव के दौरान आरती
पहली बार वर्ष 2019 में 14 से 16 फरवरी तक मॉरीशस में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता महोत्सव मनाया गया था, उस दौरान गीता आरती का आयोजन भी विदेशी धरती पर पहली बार किया गया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव नौ अगस्त से 11 अगस्त तक लंदन में मनाया गया। कोरोना काल के चलते दो साल बाद यह महोत्सव गत वर्ष 2022 में कनाडा में आयोजित किया गया, लेकिन इन दोनों आयोजनों में गीता महाआरती नहीं की जा सकी थी, हालांकि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड ने दोनों देशों में यह इच्छा जताई थी, लेकिन वहां की सरकार ने नियम व कानूनों का हवाला देते हुए इसके लिए मंजूरी नहीं दी थी।
यह भी पढ़ें- Ambala: मलेशिया गए बेटे की पत्नी व उसके परिजनों ने ससुराल पक्ष से की मारपीट, चार पर मामला दर्ज
इस बार आयोजन ऑस्ट्रेलिया में किया जा रहा है, जहां सरकार ने शाम छह बजे से महाआरती के लिए अनुमति दे दी है। इसके उपरांत इस आयोजन के लिए वहां के पैरामाटा टाउन से ही बहने वाली पैरामाटा नदी के किनारे का चयन किया गया। अब केडीबी व वहां की सामाजिक व अन्य संस्थाएं इस आयोजन को सफल बनाने को लेकर तैयारियों में जुट गईं हैं।
पहले निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा
30 अप्रैल को गीता महाआरती से पहले भव्य गीता शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। इसके बाद शाम छह बजे से पैरामाटा रिवर के किनारे पर महाआरती की जाएगी। एक मई को विक्टोरिया पार्लियामेंट मेलबर्न में सेमिनार का आयोजन होगा।
समय रहते कर ली जाएगी पूरी तैयारी : छाबड़ा
केडीबी मानद सचिव मदन मोहन छाबड़ा का कहना है कि ऑस्ट्रेलिया में मनाए जाने वाले महोत्सव की समय रहते तैयारी पूरी कर ली जाएगी। विदेशी धरती पर महाआरती का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसके लिए पूरी योजना तैयार कर ली गई है। 28 अप्रैल को फेडरल पार्लियामेंट कैनबरा, न्यू साउथ वेले सिडनी पार्लियामेंट और 29 अप्रैल को आईसीसी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर सिडनी में अंतरराष्ट्रीय गीता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। अभी तक 50 से ज्यादा संस्थाएं इस आयोजन से जुड़ चुकी हैं।