कुरुक्षेत्र। रोटी बैंक की ओर से लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भोजन वितरण किया गया। इसके बाद ईंट भट्ठे पर भोजन परोसा गया। रोटी बैंक के संस्थापक सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव के दिशा-निर्देशों और मार्गदर्शन में रोटी बैंक शाखा कुरुक्षेत्र प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर भोजन वितरण करती है। प्रधान सेवक डॉ. अशोक कुमार वर्मा, महासचिव कर्मचंद, समाजसेवी कृष्ण कुमार, रसोइया सीता और ई-रिक्शा चालक रमेश भोजन तैयार कर नागरिक अस्पताल पहुंचे और नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन व उनके परिजनों आदि ने भोजन ग्रहण किया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन रोटी बैंक की ओर से विभिन्न निर्धारित स्थानों पर भोजन वितरण किया जाता है। प्रतिदिन 11 बजे पुलिस लाइन से कोई भी व्यक्ति भोजन ग्रहण कर सकता है। 16 मई 2018 से रोटी बैंक की ओर से नियमित जरूरतमंदों को भोजन वितरण, सूखा राशन वितरण, ऋतु अनुसार वस्त्र वितरण, पैरों के लिए चप्पल और जूते, स्वच्छता के लिए नहाने का साबुन, ब्रश, पेस्ट, फल और मिठाइयां आदि का वितरण किया जा रहा है। शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पुस्तकें, कॉपी व स्टेशनरी आदि के साथ-साथ आवश्यकतानुसार शिक्षा के लिए अन्य शुल्क आदि की व्यवस्था भी की जाती है।