कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने गांव ज्योतिसर के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान चलाया। पॉपुलेशन एजुकेशन क्लब के सहयोग से संचालित इस अभियान के तहत नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी और युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। समाज कार्य विभाग की अध्यक्ष प्रो. वनीता ढींगरा ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्तिगत समस्या नहीं बल्कि सामाजिक और पारिवारिक समस्या भी है। नशा मुक्ति के लिए जागरूकता, समय पर परामर्श (काउंसलिंग), पारिवारिक सहयोग और सामुदायिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें। नशा मुक्ति केंद्रों और परामर्श सेवाओं के महत्व पर भी बल दिया। विद्यार्थियों की ओर से पोस्टर मेकिंग, जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाते हुए समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। रैली के माध्यम से ग्रामवासियों को जागरूक किया गया। इस मौके पर मुख्य वक्ता मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप, डॉ. बलिंदर सिंह, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. पुरुषोत्तम, निधि सैनी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।