अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस के साथ-साथ विभिन्न देशों के नागरिक ऑनलाइन हिस्सा लेंगे। इस महोत्सव में विभिन्न देशों के राजदूत भी कुरुक्षेत्र पहुंचेंगे। इन सभी विदेशी मेहमानों को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तरफ से 2 से 19 दिसंबर के कार्यक्रमों के लिए निमंत्रण भी भेजा जा रहा है। वीरवार देर शाम नोडल अधिकारी विजय दहिया ने केडीबी कार्यालय में महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस सेमिनार के साथ कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस सहित विभिन्न देशों के गीता प्रेमी साथ जुड़ेंगे। इसके अलावा पवित्र ग्रंथ गीता पर शोध करने वाले लोग भी इस कार्यक्रम में विचार साझा करने के लिए साथ जुड़ेंगे। इस महोत्सव में संत सम्मेलन भी आकर्षण का केंद्र होगा। इस सम्मेलन में देश के जाने-माने संत लोग पवित्र ग्रंथ गीता को लेकर विचार-विमर्श करेंगे ताकि लोगों के ज्ञान में और अधिक वृद्धि हो सके। वहीं डीसी मुकुल कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में देश की युवा पीढ़ी कोरोना महामारी के बाद एक फिर से गीता मैराथन में दौड़ेंगी। इस मैराथन में महिला व पुरुष वर्ग के दो वर्ग बनाए गए है। प्रत्येक वर्ग में पहले 10 स्थानों पर आने वाले धावकों को नगर पुरस्कार दिया जाएगा। गीता मैराथन 28 नवंबर होगी और इसे सफल बनाने व अधिक से अधिक खिलाड़ियों को शामिल करने की जिम्मेवारी जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग को सौंपी गई है। इस मैराथन में कोविड नियमों का पालन करते करीब 500 लोगों को ही शामिल किया जाएगा। अगर राज्य सरकार से कोविड नियमों की हिदायतों में छूट प्रदान करेगी तो संख्या एक हजार हो सकती है। उपायुक्त ने कहा कि गीता मैराथन में पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर आने वालों को 31-31 हजार रुपये, द्वितीय को 21-21 हजार रुपये, तृतीय को 11-11 हजार रुपये और उसके बाद दसवें स्थान तक आने वाले व्यक्ति को 2100-2100 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस मैराथन के लिए खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के लिए करीब 8 लाख रुपये का बजट भी अलाट किया गया है। इस राशि से खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि तकनीकी ऑफिशियल को मानदेय, खिलाड़ियों को टी-शर्ट, खेल किट, रिफ्रेशमेंट, प्रचार-प्रसार, माईक व्यवस्था सहित अन्य मदों पर खर्च किया जाएगा।