चोरी की चेन खरीदने वाले दो सुनार काबू
पुलिस ने चेन स्नेचर गिरोह से छिनी हुई सोने की चेन व आभूषण खरीदने के मामले में दो सुनारों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सोनीपत जिले के गांव खेवड़ा और दीपालपुर के निवासी हैं। बता दें कि पुलिस ने पिछले काफी समय से शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने के मुख्य आरोपी रवि उर्फ छोटू निवासी आरके पुरम कालोनी जिला पानीपत को गिरफ्तार किया था। आरोपी से अदालत के आदेश पर पुलिस टीम पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह पिछले तीन माह से चेन छीनने का धंधा कर रहा है। उसने कुरुक्षेत्र में सात वारदातों को अंजाम दिया है तथा तीन वारदातें सोनीपत में की हैं। गहन पूछताछ पर आरोपी रवि ने बताया कि वह महिलाओं से सोने की चेन छीन कर जिला सोनीपत के दो सुनारों को कम दाम पर बेच देता था। जांच के दौरान सीआईए-1 प्रभारी दीपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसआई सीता राम, जगदीश चंद की टीम ने आरोपी सुनारों सत्यनारायण निवासी खेवड़ा और सुभाष निवासी दीपालपुर, दोनों जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार सोने की चेन व एक सोने का हार बरामद कर लगभग पांच लाख रुपये का महिलाओं से छीना गया सामान बरामद किया। रवि के कब्जे से चोरी की मोटर साइकिल पहले ही बरामद की जा चुकी है। मामले में आरोपी सुनार सुभाष व रवि उर्फ छोटू पुलिस रिमांड पर हैं। सत्यनारायण को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि रवि के खिलाफ पहले भी सोनीपत व पानीपत के थानों में चेन छीनने, मारपीट करने व डकैती के लगभग तीन दर्जन मामले दर्ज हैं। आरोपी को वर्ष-2014 में सीआईए ने गिरफ्तार भी किया था। वह अक्तूबर में ही जेल से बाहर आया था, तभी से अपने साथियों के साथ मिलकर सोने की चेन छीनने की वारदातों को अंजाम दे रहा था। दो बाइकों में टक्कर, दो की मौत, दो घायल
पिहोवा। गांव स्योंसर के बाखली प्लॉट नंबर-2 के पास हुई सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल में दाखिल कराया।
जानकारी के अनुसार टिब्बा फार्म निवासी मलकीत सिंह अपनी पत्नी कुलविंद्र कौर को बाइक पर बैठाकर गांव स्योंसर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे लोग बाखली प्लॉट नंबर-2 के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही बाइक के साथ उनकी बाइक की आमने सामने की टक्कर हो गई। इससे दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर जा गिरे। लोगों की मदद से पुलिस चारों को अस्पताल ले गई। अधिक चोटें लगने के कारण मलकीत सिंह व जसबीर सिंह निवासी स्योंसर की मौत हो गई। कुलविंद्र कौर और अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए एनएनजेपी अस्पताल में भिजवाया।
बाबैन में सड़क हादसे में एक की मौत
बाबैन। सड़क दुर्घटना मे एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार धर्मबीर निवासी बेरथली मोटर साइकल पर जा रहा था कि बेरथली मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्राली से आमने-सामने की भिड़ंत होने से धर्मबीर की मौके पर मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल मे भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। चौकीदार की चौकसी से चोरी होने से बच गई
लाडवा में चौकीदार और पुलिस की मुश्तैदी ने वीरवार रात को सर्राफा बाजार स्थित एक सर्राफा की दुकान में चोरी करने के प्रयास को नाकाम कर दिया। चोरों को बिना चोरी किए फरार होना पड़ा। एक माह पहले ही इस ज्वैलरी शॉप का मुहूर्त हुआ था। वीरवार रात को बाजार में गश्त कर रहे चौकीदार प्रेम को गश्त के दौरान जब सर्राफ की दुकान के ऊपर से खटपट की आवाजें सुनाई दी तो उसने आवाज लगाई। इस पर खटपट की आवाजें आनी बंद हो गई। चौकीदार को शक हुआ और वह थोड़ी दूरी पर दुबक गया। थोड़ी देर बाद फिर से आवाज सुनाई दी। उसने तुरंत पुलिस को फोन किया तो पुलिस टीम भी बिना देरी किए मौके पर पहुंच गई। जब पुलिस कर्मियों ने एक ईंट छत पर फेंकी तो उसके लगने से पुलकित ज्वैलर्स में लगाया सुरक्षा उपकरण बज उठा। ज्वेलर्स की दुकान के मालिक पुलकित सिंघल का कहना है कि इससे उनको भी पता चल गया और वे भी मौके पर पहुंच गए। इससे चोरों को भागने के लिए विवश होना पड़ा। दुकानदारों ने सर्दी के इस मौसम में रात को बाजार में गश्त बढ़ाने की भी मांग की है। गेहूं के 320 कट्टों के साथ ट्रक चालक लापता
लाडवा। गेहूं के 320 कट्टे ट्रक में लादकर उत्तराखंड की ओर गया ट्रक चालक 25 दिन बाद भी गंतव्य पर नहीं पहुंचा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कुरुक्षेत्र निवासी व्यापारी सुशील कुमार ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत की थी कि उसने भारतीय खाद्य निगम के लाडवा स्थित गोदाम से ट्रक नंबर एचआर-55 यू-7891 में गेहूं के 320 कट्टे लोड कराकर उत्तराखंड के ज्वालापुर स्थित राम गंगा रोलर फ्लोर मिल प्राइवेट लिमिटेड को भेजे थे। एक दिसंबर को भेजे गए गेहूं के कट्टों को लेकर गया ट्रक चालक शमशाद आज तक ज्वालापुर नहीं पहुंचा। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर लाडवा पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद अमानत में खयानत व धोखाधड़ी के आरोप में ट्रक चालक शमशाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।