लॉटरी में 25 लाख रुपये का इनाम देने का लालच देकर महिला से 8 लाख 14 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट से कराई गई, जिसमें पुलिस ने धोखाधड़ी करने के आरोप में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। सेक्टर-3 के रहने वाले नागेंद्र शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन अमृता के मोबाइल पर 9 नवंबर को एक मैसेज आया था, जिसमें उसकी बहन को केबीसी से 25 लाख का इनामी विजेता करार दिया गया था। यह मैसेज उनकी बहन से डिलीट हो गया था, मगर अगले दिन उसके पास दोबारा मैसेज आया कि उसने 25 लाख रुपये की राशि केबीसी से जीती है और मैसेज से उसे लाटरी के टिकट का नंबर भी बताया गया था। इस लाटरी टिकट पर दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो संबंधित नंबर से बात नहीं हो सकी। उसके बाद उसकी नंबर पर व्हाट्सएप कालिंग के जरिए बात हुई। ठग ने उसकी बहन से खाता नंबर सहित अनय जरूरी दस्तावेज मांग लिए और 14 हजार रुपये बतौर फीस ठग के खाते मेें जमा भी कराए। बाद में 10 नवंबर को उन्होंने 35 हजार रुपये दोबारा से मांगे जाने पर आरोपी के खाते में जमा कराए। इस प्रकार अन्य तरीकों से भी आरोपी ने उनसे 8 लाख 14 हजार कुल राशि ठग ली, लेकिन आरोपियों ने उसकी बहन को कोई जीती हुई राशि नहीं दी, बल्कि आरोपी बार बार जीती राशि देने का वादा करते रहे। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी चप्पला खिलर, मिथलेश कुमार, छोटू कुमार, संदीप कुमार पाठक, सुरेश महतो व राणा प्रताप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।