कुरुक्षेत्र। पुलिस ने दो युवकों को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह बाइकें बरामद हुयी हैं, जो विभिन्न जगहों से चुराई गई हैं। पुलिस ने पकडे़ गए युवकों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जानकारी अनुसार कृष्ण लाल पुत्र चरण दास वासी मोहन नगर ने थाना केयूके पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दो दिसंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल केडीबी दफ्तर के सामने खड़ी करके गीता जयंती घूमने गया था। इस दौरान उसकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी के आदेश पर गत दिवस एंटी नारकोटिक सैल के निरीक्षक सुरेंद्र कुमार की देखरेख में एसआई सुरेश कुमार, एएसआई सुरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, हवलदार बलविंद्र सिंह और चालक सिपाही दिनेश कुमार की टीम अर्जुन चौक पर नाकाबंदी करके वाहनों की जांच कर रही थी, तभी एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल को रोककर उसके कागज मांगे तो चालक के पास कागज नहीं थे। गहनता से पूछताछ पर चालक ने बताया कि उसने यह मोटरसाईकिल केडीबी दफ्तर के सामने से चोरी की थी। पूछताछ के दौरान बताया कि उनका तीन युवकों का गिरोह है, जिन्होंने जिला करनाल, कुरुक्षेत्र और असंध से छह मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। चोरी की गई पांच मोटरसाइकिल इस समय उसके एक 17 वर्षीय साथी वासी बरसाना जिला कैथल के घर पर खड़ी हैं। निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी को जिला कैथल उसके घर पर रेड करके उसके घर से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को काबू करके अदालत मे पेश किया, जहां से आदेशानुसार आरोपी राजेंद्र उर्फ बोली व नाबालिग आरोपी को बाल सुधार घर भेज दिया हैै।