दावा हाईटेक यूनिवर्सिटी का, वेबसाइट तक अपडेट नहीं
ए-ग्रेड का तमगा हासिल कर चुकी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी हाईटेक होने का दम तो भरती है, लेकिन उसकी अपनी वेबसाइट तक अपडेट नहीं है। जिस कोर्स को दो वर्ष पूर्व बंद किया जा चुका है, यूनिवर्सिटी के जनसंचार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उसे अभी भी संचालित दिखा रही है। दो साल में किसी भी अधिकारी को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट अपडेट करने की याद नहीं आई है।
बात है केयू जनसंचार विभाग के प्रोफेशनल कोर्स इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की है। इसे विद्यार्थियों की कमी के कारण लगभग दो वर्ष पहले बंद कर दिया गया था। यूनिवर्सिटी ने कोर्स तो बंद कर दिया, लेकिन विभाग की वेबसाइट को अपडेट नहीं किया। इससे यूनिवर्सिटी के हाईटेक होने के दावों पर सवालिया निशान लग गया है।
लिंक ही नहीं, सिलेबस भी मौजूद जनसंचार विभाग में जो रेगुलर कोर्स कराए जा रहे हैं, उनके साथ ही बंद किए कोर्स एमएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का लिंक और उसका सिलेबस भी दिया गया है। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया।
विद्यार्थी हो सकते हैं गुमराह: छात्र संगठन छात्र संगठन इनसो के प्रदेश प्रवक्ता योगेश ने कहा कि यह विद्यार्थियों के साथ खिलवाड़ है। सही जानकारी के अभाव में विद्यार्थी गुमराह हो सकते हैं। वेबसाइट को अपडेट रखना जरूरी है। एबीवीपी के जिला संयोजक गौरव सैनी ने कहा कि यूनिवर्सिटी रेगुलर कक्षाओं के फॉर्म ऑनलाइन कर चुकी है। इसके बाद भी जनसंचार विभाग की वेबसाइट अपडेट क्यों नहीं की गई। केयू प्रशासन को इसे तुरंत अपडेट कराना चाहिए। बीपीएसओ के यूनिवर्सिटी अध्यक्ष नितीश भारद्वाज ने कहा कि वेबसाइट बनाने का औचित्य तभी है, जब इससे विद्यार्थियों को सही जानकारी मिले। छात्रहित में वेबसाइट को अपडेट होना चाहिए।
वर्जन ... किसी भी विभाग द्वारा जो जानकारियां उपलब्ध कराई जाती हैं, उसे अपलोड कर दिया जाता है और उसी आधार पर अपडेट कर देते हैं। यह जानकारी देना जनसंचार विभाग का काम है। डॉ. सुनील ढींगड़ा, इंचार्ज, आईटी सेल, केयू
शिक्षा और फैकल्टी संबंधित जानकारियां ली जा रही हैं। इसके बाद जरूरी सामग्री को अपलोड कर वेबसाइट अपडेट कर दी जाएगी। डॉ. एसएस बूरा, कार्यवाहक निदेशक, जनसंचार एवं प्रौद्योगिकी संस्थान
यह स्थिति ठीक नहीं है। इसके बारे में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान के निदेशक से बात की जाएगी। ऑनलाइन सिस्टम के इस दौर में वेबसाइट का अपडेट होना बेहद जरूरी है। डॉ. प्रवीण सैनी, रजिस्ट्रार, कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र।