ग्रामीण क्षेत्र में लाल डोरा मुक्त मुहिम के तहत लोगों को उनकी संपत्ति का मालिकाना हक दिलाने में कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन ने अपनी सक्रिय भूमिका अदा की है। सरकार के फ्लैगशिप प्रोजेक्ट के रूप में स्वामित्व योजना के तहत कुरुक्षेत्र के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सुशासन दिवस पर कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन को सम्मानित किया है।
यह पुरस्कार पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डीडीपीओ प्रताप सिंह को दिया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त मुकुल कुमार ने शनिवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय सुशासन दिवस कार्यक्रम में सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिला में भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा 409 गांवों में ड्रोन फ्लाइंग की गई थी, जिसमें सर्वे के लिए 409 गांवों के प्रथम स्तर के नक्शे प्राप्त हुए थे, जोकि सर्वे करके सर्वेक्षण विभाग को भेजे जा चुके हैं। इसी क्रम में आगे बढ़ते हुए 401 गांवों में दूसरे स्तर के नक्शे प्राप्त हो चुके है और इनमें से 326 गांवों में 36948 ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे जा चुके हैं। साथ ही शेष गांवों में सभी प्रक्रिया को पूरा करते हुए मालिकाना हक देने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। बताया कि स्वामित्व योजना के अनुरूप प्रशासनिक स्तर पर सभी प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से पूरा करते हुए ग्रामीणों को स्वामित्व योजना से जोड़कर लाभान्वित किया जा रहा है।