कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस की ओर से राजकीय माध्यमिक विद्यालय सुनहेड़ी खालसा में जागरूक सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को यातायात के नियमों की जानकारी दी गई, साथ ही उनको साइबर अपराध और उससे बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। जिला पुलिस यातायात समन्वयक उप निरीक्षक रोशन लाल ने बताया कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है लेकिन नियमों का पालन चालान के डर से नहीं बल्कि जागरूकता के साथ करना चाहिए। सड़क दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा नुकसान युवा वर्ग का हो रहा है। युवा वर्ग यातायात नियमों को अपने व्यवहार में अपनाकर अपना व दूसरों का अनमोल जीवन बना सकते हैं।
बताया कि साइबर अपराध से बचने के लिए जानकारी और सावधानी बहुत जरूरी है। अपने क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या बैंक खाते की जानकारी किसी को न दें। सोशल मीडिया पर आई किसी भी फ्रेंड रिक्वेस्ट को तुरंत ही स्वीकार न करें। व्हाट्सएप पर अनजान नंबर से आने वाली किसी भी प्रकार की ऑडियो या वीडियो कॉल को स्वीकार न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इस मौके पर प्रिंसिपल बलवान सिंह, अमर सिंह, प्रेम नारायण शुक्ला, शारदा, देवेंद्र, कुलदीप सिंह, अशोक कुमार, डिंपल व मीनू सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।