लाडवा। लोकतंत्र के महापर्व में मतदान करने के लिए बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों के साथ-साथ युवाओं में भी भारी जोश देखा गया। भीषण गर्मी के बावजूद मतदाताओं ने घरों से निकलकर जहां अपने मत का प्रयोग किया तो वहीं दूसरे मतदाताओं को भी प्रेरित किया। वहीं कस्बे में छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदान केंद्र पर सुबह से ही लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई थी। सुबह के समय मतदाताओं में उत्साह बना रहा, जो कि पारा बढ़ते ही कम होने लगा, जिसके कारण मतदान केंद्र पर मतदाताओं की भीड़ कम होने लगी। जबकि शाम चार बजे के बाद एक बार फिर से मतदाताओं में उत्साह दिखाई दिया और मतदाताओं ने मतदान किया।
नपा अध्यक्ष साक्षी खुराना ने भी ठाकुरी देवी स्कूल में मतदान केंद्र पर अपने मत का प्रयोग किया। वहीं जनधेड़ा गांव में पोलिंग पार्टी को खाना देने गए मौजूदा सरपंच पर गांव के ही व्यक्ति ने ईंटों से हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सरपंच लोकेश कुमार ने बताया कि गांव का ही व्यक्ति वोटरों के साथ गाली गलौज कर रहा था। इसके कारण पुलिस ने उसे मतदान केंद्र से बाहर निकाल दिया। दोपहर को जब वह पोलिंग पार्टी को खाना देने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंचा तो उस व्यक्ति ने रंजिश रखते हए उस पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल को शांत करवाया। जबकि थाना प्रभारी नरेश कुमार का कहना है कि जनधेड़ा गांव में झगड़े की सूचना मिली थी, जिसे मौके पर पहुंच कर शांत कराया गया। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हो पाया था।