कुरुक्षेत्र। पिपली रोड स्थित कर्ण शूटिंग अकादमी में 11 जुलाई को राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के लिए शूटिंग प्रतियोगिता के जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए, जिसमें जिले के 16 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें 95 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 55 लड़के और 40 लड़कियां शामिल थीं। ट्रायल का उद्देश्य जिले से श्रेष्ठ प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व के लिए चुनना था।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि एयर राइफल लड़कियों की श्रेणी में यशिका, वैष्णवी, अर्पण कौर विर्क और वंशिका का चयन किया गया है। वहीं एयर राइफल लड़कों के वर्ग में राणा गैरी, अभिषेक, पार्थ और प्रियांशु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयन हासिल किया। जबकि एयर पिस्टल लड़कियों की श्रेणी में लक्षिता, इशा, जैपलीन कौर और केतन ने राज्य स्तर के लिए जगह बनाई तथा लड़कों के एयर पिस्टल वर्ग में युवराज सिंह, हिमांशु, यशमीत और कुणाल को चुना गया। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करता है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। विभिन्न जिलों में खेलों का आयोजन निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होगा। इस मंच के माध्यम से चयनित खिलाड़ी अपने खेल कौशल को और निखार सकेंगे और भविष्य की बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित होंगे।