{"_id":"6189773729c94d379e756520","slug":"son-in-law-killed-father-in-law-by-stabbing-him-near-police-station-karnal-news-knl889757141","type":"story","status":"publish","title_hn":"करनाल के निसिंग में मर्डर: पुलिस थाने के समीप दामाद ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली ससुर की जान","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
करनाल के निसिंग में मर्डर: पुलिस थाने के समीप दामाद ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर ली ससुर की जान
Tue, 09 Nov 2021 12:45 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, निसिंग (करनाल)
संवाद न्यूज एजेंसी, निसिंग (करनाल)
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Tue, 09 Nov 2021 12:45 AM IST
सार
करनाल में मर्डर का मामला सामने आया है। निसिंग में एक दामाद ने अपने ससुर की जान ली। उसने पुलिस थाने के समीप ससुर पर ताबड़तोड़ वार किए। आरोपी इस बात को लेकर गुस्से में था कि ससुर उसे पत्नी से मारपीट करने पर टोकते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी को काबू कर लिया गया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : फाइल
विस्तार
करनाल के निसिंग में थाने से महज 30 मीटर की दूरी पर चाकू घोंपकर दामाद ने ससुर की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से जांच की। घटना का कारण पति-पत्नी में चला आ रहा विवाद माना जा रहा है। आरोप है कि पति की ओर से मारपीट और प्रताड़ित करने से तंग आकर पत्नी मायके में ही रह रही थी। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था।
विज्ञापन
17 साल पहले हुई थी शादी
घटनाक्रम के अनुसार आरोपी गुरमुख निवासी निसिंग की शादी 17 साल पहले कैथल के गांव ककहेड़ी में सुमन पुत्री सेवा सिंह से हुई थी। आरोप है कि गुरमुख अकसर पत्नी से मारपीट करता था। इससे तंग आकर दो साल पहले दो बच्चों समेत सुमन अपने मायके आ गई थी। इसके बाद से दोनों पक्षों में खींचतान चल रही थी। कुछ दिन पहले गुरमुख ने ससुराल पक्ष के खिलाफ निसिंग थाने में शिकायत दी थी। साथ ही आरोप लगाया था कि पत्नी और ससुर मिलकर उसके प्लॉट पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी विवाद को लेकर निसिंग थाना पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाया था।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें-चाचा अभय चौटाला के बयान पर भतीजे दिग्विजय का पलटवार: कहा-घर में जीतकर शोर मचाने वाले गीदड़
विज्ञापन
कार में पहुंचे थे निसिंग
इस पर सुबह सेवा सिंह अपने भाई और भांजे के साथ कार में सुबह निसिंग थाने पहुंचे। इससे पहले उसकी बेटी सुमन को उल्टी लग रही थी, इसलिए उसे कैथल से बस में बैठा दिया था। जब उसकी बेटी सुमन निसिंग पहुंची तो उसने अपने पिता सेवा सिंह के पास फोन कर कहा कि गुरुद्वारा चौक पर वह पहुंचने वाली है।
गुरुद्वारा चौक निसिंग थाने से महज 30 मीटर की दूरी पर है। बेटी के फोन आने पर सेवा सिंह उसे लेने के लिए गुरुद्वारा चौक पहुंचे। तभी पहले से घात लगाए दामाद गुरमुख ने चाकू से उनके गर्दन और कमर पर वार किए।
थाने के भीतर गिरे सेवा सिंह
जख्मी हालत में सेवा सिंह तड़पता हुआ थाने के भीतर पहुंचकर गिर गया। पुलिस और परिजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही सेवा सिंह ने दम तोड़ दिया। मृतक सेवा सिंह एक राइस मिल में मैनेजर के पद पर कार्य करता था। निसिंग थाना प्रभारी ऋषिपाल का कहना है कि मृतक के भांजे की शिकायत पर आरोपी गुरमुख और उसके पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। वहीं आरोपी गुरमुख को देर शाम गिरफ्तार भी कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें-पंजाब: श्री सालासर बालाजी धाम रवाना हुए सुखबीर बादल, हरियाणा के फतेहाबाद में किया नाश्ता
साइकिल पर आया था आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी गुरमुख वारदात को अंजाम देने के लिए साइकिल पर सवार होकर आया था। उसने गुरुद्वारे के पीछे साइकिल खड़ी कर दी थी और फिर ससुर को चाकू मारकर पैदल ही मौके से फरार हो गया। बीच चौराहे पर ससुर की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या के बाद बाजार में दहशत का माहौल बन गया। क्योंकि जिस जगह पर यह वारदात हुई, वहां पर काफी संख्या में दुकानें हैं और पुलिस थाना भी है। इससे व्यापारियों में दिनभर घटना को लेकर चर्चा रही।