यमुना क्षेत्र में रेत की खुदाई के दौरान शिवलिंग और नंदी की मूर्ति मिलने के बाद दर्शनों के लिए आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। फरीदपुर के ग्रामीणों ने गांव में भव्य मंदिर बनाने का भी फैसला कर लिया है। फिलहाल शिवलिंग और नंदी की सुरक्षा के लिए मंदिर में चारदीवारी बनाने का काम शुरू कर दिया है। सरकार और पुरातत्व विभाग से ग्रामीणों ने अपील की है कि वे शिवलिंग और नंदी को गांव में छोड़ दें ताकि उनकी आस्था पर ठेस न पहुंचे।
रविवार की रात को यमुना क्षेत्र मेें खुदाई का कार्य चल रहा था। उसी दौरान रेत से एक शिवलिंग और नंदी रेत की खुदाई कर रहे ड्राइवर ने देखा। ग्रामीणों को जैसे ही रेत की खान से शिवलिंग और नंदी मिलने की सूचना मिली तो वे मौके पर पहुंचे। पूरे मामले की जानकारी हासिल की। कुछ लोग एक गाड़ी में लादकर ले जा रहे थे। ग्रामीणों ने शिवलिंग और नंदी को अपने कब्जे में लेकर गांव के मंदिर में स्थापित कर दिया है। उसकी सुरक्षा को देखकर चारों तरफ चारदीवारी बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया। बुधवार को गांव के मंदिर में एक महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों ने आधा एकड़ में गांव में ही भव्य मंदिर बनाने का फैसला लिया है। उसमें शिवलिंग और नंदी को स्थापित किया जाएगा। ग्रामीण पूर्व सरपंच रवि त्यागी, देवराज, सुनील कुमार, रवि कश्यप, विक्की, प्रेम सैनी, मोहित ने बताया कि सोमवार को रेत की खान में शिवलिंग मिलने के बाद लोगों में पूरी आस्था दिखाई दे रही है। गांव के साथ आसपास के लोग भी पूजा अर्चना करने गांव में आ रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है।