करनाल: डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर इकलौते बेटे को भेजा अमेरिका, गोली मारकर कर दी गई हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका के कैलीफोर्निया में करनाल के गांव उपलाना स्थित डेरा साइयां निवासी युवक मनिंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मनिंद्र वहां पर एक स्टोर पर काम करता था, जहां नकाबपोश ने गोली मार दी। सूचना मिलने पर परिवार के साथ गांव में मातम छा गया। बता दें कि मनिंद्र इकलौता बेटा था, उसके पिता ने डेढ़ एकड़ जमीन बेचकर 23 लाख रुपये एजेंट को देकर उसे आठ महीने पहले ही अमेरिका भेजा था, जहां पुलिस ने सही कागजात नहीं होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया था और करीब 13 लाख रुपये खर्च कर नवंबर में जमानत हुई थी।
दो महीने पहले ही स्टोर पर क्लर्क की नौकरी में लगा था। घर में बुजुर्ग मां-बाप के साथ पत्नी व दो बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। विडंबना है कि कर्ज में डूबे मां बाप बेटे के शव को भारत लाने में असमर्थ हैं। इस कारण उन्होंने अमेरिका में ही उसका अंतिम संस्कार कराने का निर्णय लिया है।
विदेश में पैसे कमाकर, गरीबी दूर करना चाहता था
मृतक मनिंद्र के ममेरे भाई कंवलजीत सिंह जलमाना ने बताया कि मनिंद्र 2019 मई के अंत में अमेरिका गया था। वहां अमेरिका पुलिस ने उसे पकड़ लिया था। इसके बाद उसे जेल भी जाना पड़ा। नवंबर में ही उसकी जमानत हुई थी और इसके बाद वह एक डिपार्टमेंटल स्टोर पर क्लर्क लग गया। स्टोर पर 22 फरवरी अलसुबह एक नकाबपोश ने मनिंद्र को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अमेरिका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। कंवलजीत ने बताया कि शव को लाने की प्रक्रिया में काफी ज्यादा खर्चा आएगा और करीब 15 दिन का समय लगेगा, इसलिए अब रिश्तेदार उसका वहीं संस्कार कर देंगे।
रोज सुबह साढ़े पांच बजे फोन करती थी पत्नी
मनिंद्र की पत्नी अमनदीप कौर अपने पति को सुबह साढे़ पांच बजे फोन करती थी। रविवार को जब फोन किया तो मनिंद्र ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद रिश्तेदारों ने बताया कि वहां पर मनिंद्र की एक लुटेरे ने गोली मारकर हत्या कर दी है। मृतक के जीजा कुलदीप सिंह ने बताया कि उसके साले का अमेरिका जाने का शौक था। घर की हालात ठीक नहीं थी। मनिंद्र ने अमेरिका जाने के लिए डेढ़ एकड़ जमीन बेच दी थी। इसके बाद एजेंट को 23 लाख रुपये दिए थे। वहीं बाद में जमानत के 13 लाख रुपये दिए। तब जाकर नवंबर में जेल से बाहर आया था।
दो बच्चों के सिर से उठा बाप का साया
मृतक के जीजा कुलदीप सिंह ने बताया कि मनिंद्र अपने माता-पिता का अकेला पुत्र था। मनिंद्र के अमेरिका जाने के बाद परिवार में बुजुर्ग पिता जोगिंद्र सिंह, माता सर्वजीत कौर, पत्नी अमनदीप कौर, बेटा शान और बेटी शिरत है। इन दोनों बच्चों के सिर से उसके पिता का साया उठ गया।