{"_id":"64a1b34f73503d031c05b9b8","slug":"haryana-government-planning-to-give-pension-to-unmarried-people-aged-45-to-60-years-2023-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haryana: 45 से 60 साल के अविवाहितों को पेंशन देने की योजना बना रही सरकार, सीएम मनोहर ने दी जानकारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haryana: 45 से 60 साल के अविवाहितों को पेंशन देने की योजना बना रही सरकार, सीएम मनोहर ने दी जानकारी
Sun, 02 Jul 2023 10:56 PM IST
भूपेंद्र सिंह
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
अमर उजाला ब्यूरो, करनाल (हरियाणा)
Published by: भूपेंद्र सिंह
Updated Sun, 02 Jul 2023 10:56 PM IST
सार
सीएम बोले कि किसानों की भूमि की तकसीम जैसी समस्या से भी निजात मिलेगी। साथ ही कहा कि करनाल का प्रत्येक गांव इंटरनेट सेवा से जुड़ेगा, लोगों को मोबाइल बैंकिंग की सुविधा भी मिलेगी।
विज्ञापन
गांव कलामपुरा में जन संवाद के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में 45 से 60 साल तक के अविवाहित पुरुष व महिला को पेंशन देने की सरकार योजना बना रही है। इस योजना पर सरकार करीब एक माह के अंदर फैसला भी लेगी। इसके अलावा किसानों की सबसे बड़ी भूमि की तकसीम जैसी समस्या का भी समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, उन्होंने करनाल जिले का प्रत्येक गांव इंटरनेट सेवा से जोड़ने के भी उपायुक्त को निर्देश दिए। यहां लोगों को मोबाइल बैंकिंग की भी सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को करनाल के कलामपुरा गांव में जन संवाद कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के हर परेशान व्यक्ति के साथ वे स्वयं खड़े हैं। इसलिए जन संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन
यहां आई प्रत्येक समस्या का समाधान करने के उपरांत संबंधित व्यक्ति को दूरभाष या फिर एसएमएस के जरिए फीडबैक भी दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने एक व्यक्ति द्वारा पेंशन का विषय रखने के उपरांत कहा कि सरकार 45 से 60 साल के अविवाहित पुरुष एवं महिला को पेंशन देने की योजना पर विचार कर रही है और अगले एक माह के अंदर इस योजना पर अपना फैसला ले लेगी। इसी तरह जिस प्रकार सरकार ने लाल डोरा समाप्त करके लोगों को मालिकाना हक दिया है, ठीक उसी प्रकार सरकार किसानों की भूमि की तकसीम जैसी समस्या का हल निकालने का प्रयास कर रही है।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि सरकार ने शहरों में 5 लाख दुकानदारों को उनका मालिकाना हक देने का काम किया है और सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जहां सरकार ने हरियाणा रोजगार कौशल निगम के माध्यम से हजारों नौकरियां दी हैं, वहीं मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत 50 हजार लोगों को ऋण उपलब्ध करवाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए हैं।
सरकार का लक्ष्य है कि इस योजना के माध्यम से 1 लाख लोगों को ऋण उपलब्ध करवाकर उनका रोजगार स्थापित करवाया जाए। इसके अलावा प्रदेश में महिलाओं को सशक्त करने के लिए सेल्फ हेल्प ग्रुप की 50 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाए।