करनाल की दो कालोनियों में फैला डायरिया: पानी के छह सैंपल लिए, बड़ी लापरवाही आई सामने
करनाल के अशोक नगर व सुभाष गेट में डायरिया फैल गया है। एक सप्ताह में इन दोनों कालोनियों में 12 डायरिया के केस आ चुके हैं लेकिन यहां सबसे बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिन सरकारी ट्यूबवेलों से इन कालोनियों में पानी की सप्लाई दी जाती है वहां क्लोरिनेशन की मात्रा नहीं पाई गई और डोजर भी बंद मिले। इसके साथ ही पानी के 6 सैंपल लिए गए हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जन स्वास्थ्य विभाग, हुडा व नगर निगम को पत्र जारी किया है।
जिले में जगह-जगह डायरिया के केस आ रहे हैं। कुछ दिन पहले निसिंग में भी काफी संख्या में डायरिया के केस आए थे। इसका मुख्य कारण लोगों के घरों में शुद्ध पेयजन सप्लाई न होना है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के सीनियर सेनेटरी इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने टीम के साथ जब पुरानी सब्जी मंडी स्थित जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में जाकर जांच की तो वहां के बूस्टर के क्लोरिनेशन के डोजर बंद थे। इन बूस्टरों से शहर की कॉलोनियों में पानी की सप्लाई की जाती है। इससे अलग भी कॉलोनियों में कई ट्यूबवेलों पर क्लोरिनेशन के डोजर बंद पाये गए हैं। ऐसे में कालोनीवासियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। आए दिन यहां डायरिया के केस बढ़ रहे हैं।
शहर की दो कालोनियों में डायरिया के कुछ केस सामने आए थे। तुरंत टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। कुछ ट्यूबवेलों पर क्लोरिनेशन के डोजर बंद पाए गए हैं। इनके लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है ताकि शहरवासियों को शुद्ध पेयजल सप्लाई किया जा सके। -डॉ. योगेश शर्मा, सीएमओ, करनाल।
विज्ञापन विज्ञापन