करनाल: काछवा में आग की भेंट चढ़ी 85 एकड़ गेहूं की फसल, किसानों पर टूटा दुख का पहाड़
काछवा के पूर्व सरपंच सुरेश कुमार के भाई टिंकू घई की करीब 35 एकड़ गेहूं की फसल जल गई है। बताया जा रहा है कि उसने ठेके पर जमीन लेकर फसल लगाई थी। फसल पकने पर कटाई की तैयारी की जा रही थी।
विस्तार
जिले में रोजाना गेहूं की फसल को आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। रविवार को काछवा गांव में करीब 85 एकड़ और अलीपुर में ढाई एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दोपहर के समय काछवा गांव व इसी गांव के राय फार्म के किसानों के खेतों में आग लगने की सूचना से ग्रामीण खेतों की ओर दौड़ पड़े। अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। किसानों ने कई ट्रैक्टरों के पीछे हेरो जोड़कर आग की लपटों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस घटना में काछवा के पूर्व सरपंच सुरेश कुमार के भाई टिंकू घई की करीब 35 एकड़ गेहूं की फसल जल गई है। बताया जा रहा है कि उसने ठेके पर जमीन लेकर फसल लगाई थी। फसल पकने पर कटाई की तैयारी की जा रही थी। इसी गांव के महेंद्र की दस एकड़ व फूल सिंह की छह एकड़ फसल जल गई। बाकी फसल काछवा-बहलोलपुर रोड स्थित राय फार्म के किसानों की जली है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
दूसरी ओर गांव अलीपुर के खेतों में रविवार को आगजनी की घटना में किसान धनपत शर्मा की सवा दो एकड़ गेहूं की फसल जल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। किसान का कहना है कि विद्युत निगम की ओर से दिन में बिजली सप्लाई बंद कर रखी है। उसके खेतों के ऊपर एक फैक्टरी की बिजली सप्लाई की तारें हैं। उसका आरोप है कि नौ अप्रैल को शॉर्ट सर्किट से उसकी फसल आग की चपेट में आई। किसान ने सरकार से मुआवजे की गुहार लगाई है।
किसानों का दावा-शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से लगी आग
तीसरी घटना असंध क्षेत्र के जलमाना गांव में हुई। असंध मार्ग पैलेस के सामने खेतों में आग लगने से आधा एकड़ गेहूं की फसल व एक एकड़ अवशेष जलकर राख हो गए। किसानों ने ट्रैक्टरों के पीछे खेत जोतने वाले यंत्र लगाकर आग पर काबू पाया। किसानों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से आग लगी है। ग्रामीण जितेंद्र सिंह महार, कश्मीर सिंह, सत्यवान व पूर्ण सिंह अनुसार आग जलमाना से असंध की ओर मुख्य मार्ग के साथ लगते खेतों में बिजली की तारों में शार्ट सर्किट होने से आग लगी।
गांव में दमकल विभाग की गाड़ी खड़ी कराने की मांग
आग गांव के साथ लगते खेतों में लगी थी, जिस कारण आग पर काबू पाने में किसान कामयाब रहे। ग्रामीणों ने पेड़ की टहनियां तोड़कर लपटों को बुझाने का प्रयास किया। कुछ लोगों ने बाल्टी से पानी फेंका। ग्रामीण कशमीर सिंह, वजीर सिंह, हिम्मत सिंह, कुलबीर सिंह, सोनी विर्क, भूपेंद्र सिंह विर्क, जसविंद्र सिंह व गुरतेज सिंह ने मांग की कि जलमाना में एक दमकल गाड़ी खड़ी की जाए।