अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। जिले के गांव उड़ाना को हरा भरा बनाने के बाद अब रोल मॉडल के रूप में भी विकसित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत प्रदेश के पूर्व डीजीपी एसके दलाल करेंगे। बता दें कि लिव माय विलेज द्वारा प्रदेश के चार गांव रोल मॉडल गांव के रूप में विकसित करने के लिए चुने गए हैं। इसमें करनाल जिले का गांव उड़ाना भी शामिल हैं, जिसकी जानकारी गुरुग्राम के एक रिसोर्ट में आयोजित एक बैठक में प्रदेश के पूर्व डीजीपी एसके दलाल और लिव माय विलेज संस्था के अध्यक्ष महावीर जांगड़ा ने दी। इस अवसर पर मिस वर्ल्ड एशिया 2014 कोयल राणा ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। मीटिंग में संबोधित करते हुए प्रदेश के पूर्व डीजीपी एसके दलाल और लिव माय विलेज संस्था के अध्यक्ष महावीर जांगड़ा ने बताया कि लिव माय विलेज की टीम गांवों में जाकर दौरा करेंगी। गांव को अलग पहचान दिलाने के उद्देश्य से गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर किया जाएगा ओर खासकर युवाओं को भी गांव के विकास में अहम योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गांवों की महिलाएं खुद पर निर्भर रहें इसके लिए गांव को ऐसे संसाधन विकसित किए जाएंगे, जिससे महिलाएं थोड़ा समय निकालकर अपनी आजीविका चला सकेंगी। उन्होंने कहा कि गांव उड़ाना का दौरा करने के बाद ही माय विलेज संस्था की ओर से उड़ाना गांव को रोल मॉडल गांव बनाने के लिए चुना गया है। जिस पर जल्दी ही काम शुरू होगा। मीटिंग में सरपंच सुरेंद्र उड़ाना ने प्रदेश के पूर्व डीजीपी एसके दलाल व लिव माय विलेज संस्था के अध्यक्ष महावीर जांगड़ा ओर सेल्फी विद डॉटर फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील जागलान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेहनत और ठोस प्रयासों से गांव को जल्दी ही रोल मॉडल के रूप में विकसित कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सरपंच सुरेंद्र उड़ाना, जय भारत युवा मंडल की दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष आरती प्रजापति, राजिंदर शांडिल्य पंच, सुरेन्द्र शर्मा पंच, सुनील पंच समेत गांव के कई लोग मौजूद रहे।