एचसीएस की लिखित परीक्षा के बीच परीक्षार्थियों को तीन घंटे का अंतराल दिया गया। दूर-दूर से आए परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र कैथल में बनाया गया। इस दौरान कोई महिला अपने छोटे बच्चे को लेकर परीक्षा देने पहुंची तो कोई पुरुष अपनी पत्नी को परीक्षा के लिए लेकर आया। अधिक दूर के क्षेत्र के परीक्षार्थी रात को ही कैथल पहुंच गए थे। रात के समय परीक्षार्थियों के पहुंचने के चलते कैथल के सभी होटल, रेस्टरां व लॉज भरे रहे। दिन में सड़कों के दोनों तरफ परीक्षार्थियों द्वारा खड़े किए गए वाहनों की कतारें लगी रही।
तीन घंटे के अंतराल के दौरान परीक्षा देने के लिए आए लोग या तो सड़कों के किनारे बैठे रहे, या फिर किसी रेस्तरां में खाना खाने के लिए चले गए। ऐसे में शहर में भीड़ की स्थिति भी रही। कुछ लोगों ने तो इन तीन घंटों के दौरान कैथल शहर में प्रसिद्ध स्थानों पर घूमकर आनंद उठाया, जबकि जिनके पास अपने खुद के वाहन नहीं थे, उन्हें इधर-उधर बैठकर समय व्यतीत करना पड़ा।