Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kaithal News ›   Stockpile of firecrackers seized for the fifth time in 11 days; 306 kg recovered from two locations.

Kaithal News: 11 दिन में पांचवीं बार पटाखों का जखीरा पकड़ा, दो जगह से 306 किलो बरामद

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Sun, 01 Nov 2026 01:02 AM IST
विज्ञापन
Stockpile of firecrackers seized for the fifth time in 11 days; 306 kg recovered from two locations.
पुलिस की ओर से पकड़े पटाखों की पेटियों की फोटो। संवाद
सोनू थुआ
विज्ञापन

कैथल। जिले में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, लेकिन भंडारण और बिक्री के मामले थम नहीं रहे। पिछले 11 दिनों में पांचवीं बार पुलिस ने पटाखों का बड़ा स्टॉक पकड़ा है। शुक्रवार को खेड़ी गुलाम अली और फतेहपुर में कार्रवाई कर 306 किलो 330 ग्राम पटाखे बरामद किए गए। दोनों जगह पटाखे बिना लाइसेंस रखे गए थे।
इनमें एक जगह मकान के नीचे चल रही किराना दुकान के पीछे बने कमरे में पटाखे रखे मिले, जबकि दूसरी जगह रिहायशी मकान में छोटे पटाखे बनाने और बेचने के लिए स्टॉक किया गया था। हालात यह हैं कि अक्तूबर माह में ही महज 10 दिनों के भीतर अवैध पटाखों के आठ मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच चिंता की बात यह भी है कि पूंडरी में पटाखों के कारण एक व्यक्ति झुलस चुका है। इसके बावजूद रिहायशी इलाकों में पटाखों का भंडारण और निर्माण जारी है।
विज्ञापन

डीएसपी सुशील प्रकाश के अनुसार, शुक्रवार को स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल की टीम ने खेड़ी गुलाम अली निवासी विजय गर्ग उर्फ मोनू की दुकान पर दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने मकान के नीचे बनी किराना दुकान में बिना लाइसेंस पटाखे रखकर बेच रहा है। तलाशी के दौरान दुकान के पीछे बने कमरे से छह पेटियां बरामद हुईं। एलएफएम गुहला सतपाल सिंह की मौजूदगी में जांच करने पर इनका वजन 181 किलो 380 ग्राम मिला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

---------
रिहायशी मकान में बना रहा था छोटे पटाखे
दूसरी कार्रवाई पूंडरी पुलिस ने फतेहपुर की बलकार कॉलोनी में की। पुलिस को सूचना मिली थी कि कॉलोनी निवासी सन्नी अपने मकान में छोटे पटाखे बनाने के साथ तैयार पटाखों को बिक्री के लिए रखता है। पुलिस ने मकान पर दबिश देकर तलाशी ली तो वहां से 12 पेटियां बरामद हुईं। दमकल केंद्र पूंडरी के इंचार्ज कश्मीर सिंह की मौजूदगी में पटाखों का वजन किया गया तो यह 124 किलो 950 ग्राम मिला। इस मामले में थाना पूंडरी में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
-------------
प्रतिबंध के आदेश, फिर भी रिहायशी इलाकों में पटाखों का भंडारण
जिले में पटाखों की बिक्री और भंडारण को लेकर प्रशासन की ओर से प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जा चुके हैं। ग्रीन पटाखे चलाने के लिए समय निर्धारित किया गया है। फ्लिपकार्ट, अमेजन सहित ई-कॉमर्स वेबसाइटों के माध्यम से पटाखों की ऑनलाइन बिक्री और ऑर्डर पर भी रोक लगाई गई है। इसके बावजूद मकानों, दुकानों और अन्य स्थानों पर पटाखों का अवैध भंडारण और बिक्री के मामले सामने आ रहे हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पिछले 10 माह में अवैध पटाखों से जुड़े 11 मामले सामने आए हैं।
---------
अवैध पटाखों के मामलों में पुलिस की कार्रवाई
9 जनवरी 2026 : कैथल दिग्गा कॉलोनी, पूंडरी से आरोपी राजेंद्र सिंह को पकड़ा गया। मकान से 20 पेटियों में 169 किलो 325 ग्राम पटाखे बरामद किए गए।
11-12 फरवरी : काकौत रोड, पूंडरी से आरोपी सुशील कुमार निवासी बरसाना को 2052 किलो पटाखों के साथ पकड़ा।
12-13 अप्रैल : आंबेडकर नगर, कैथल से आरोपी राजेंद्र कुमार निवासी असंध को पटाखों और 30 किलो ज्वलनशील पदार्थ के साथ पकड़ा।
13 सितंबर : कैथल के करनाल रोड पर अवैध पटाखों के मामले में आरोपी सलमू सहित चार आरोपियों को 571 पेटियों के साथ काबू किया। ट्रक से 471 और पिकअप से 100 पेटियां बरामद हुई थीं। कुल 22,840 डिब्बे पटाखे बरामद किए गए।
18 सितंबर : शक्तिनगर चीका से आरोपी कृष्ण लाल को 670.86 किलो पटाखों के मामले में गिरफ्तार किया।
5 अक्तूबर : गांव बात्ता से आरोपी अंकित को 134 पेटियों के मामले में गिरफ्तार किया। आरोपी सोमपाल को भी इसी मामले में गिरफ्तार किया।
13 अक्तूबर : फतेहपुर, पूंडरी से आरोपी अमर उर्फ सोंटी निवासी धौंस सहित चार आरोपियों को 55 पेटियों के मामले में गिरफ्तार किया।
19 अक्तूबर : नरवल, राजौंद रोड से आरोपी तरसेम सिंह निवासी कमालपुर, संगरूर को 125 पेटियों के साथ गिरफ्तार किया।
20 अक्तूबर : इंद्रा कॉलोनी, पूंडरी से आरोपी राकेश कुमार को 160 पेटियों के साथ पकड़ा।
22 अक्तूबर : कांगथली बस अड्डे से आरोपी राजेंद्र कुमार निवासी रजनी कॉलोनी, कैथल के मामले में 10 पेटियां और एक कट्टा पटाखे बरामद हुए।
22 अक्तूबर : पूंडरी में 766 किलोग्राम अवैध पटाखों सहित आरोपी को काबू किया।
----------------
पिछले साल 10 कार्रवाई में 4863 किलो पटाखे बरामद
वर्ष 2025 में 25 मार्च से 20 दिसंबर तक जिले में अवैध पटाखों के खिलाफ 10 कार्रवाई की गई थीं। इनमें पूंडरी में छह, सिविल लाइन क्षेत्र में दो और राजौंद व कलायत में एक-एक कार्रवाई शामिल थी। इन मामलों में कुल 4863.451 किलो पटाखे बरामद किए गए थे और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।



------------
रिहायशी मकानों में पटाखे रखना खतरनाक
फायर ब्रिगेड इंचार्ज एलएफएम सतीश कुमार ने बताया कि दुकानों, वाहनों और रिहायशी मकानों में पटाखों का अवैध भंडारण आग और विस्फोट का खतरा बढ़ाता है। बिना लाइसेंस पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed