कैथल। डीसी अपराजिता ने कहा कि खरीफ फसल खरीद सीजन को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिले की सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों में आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं। किसानों को फसल बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसके लिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। सभी एसडीएम एवं मंडी नोडल अधिकारी खरीद सीजन के दौरान मंडियों की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखें और किसी भी कमी को तुरंत दूर करवाएं। डीसी अपराजिता मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में खरीफ फसल खरीद सीजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही थीं। इससे पहले चंडीगढ़ से कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा और कैबिनेट मंत्री राजेश नागर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों को खरीद सीजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों एवं खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी खरीद एजेंसियां निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार फसल की खरीद सुनिश्चित करें। मंडियों में फसल की समय पर खरीद के साथ-साथ उसका उठान भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि मंडियों में अनावश्यक रूप से फसल का ढेर न लगे और किसानों को अपनी उपज लेकर आने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने मंडियों में स्थापित सभी धर्मकांटों की नियमानुसार जांच करवाने के भी निर्देश दिए।