दुष्यंत चौटाला का विरोध: कैथल के बलबेहड़ा में जनसभा नहीं कर पाए पूर्व डिप्टी सीएम, युवाओं ने पूछे तीखे सवाल
पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला चुनाव प्रचार करने मंगलवार को गुहला पहुंचे। भागल व हरिगढ़ किंगन गांवों में जनसभाएं के बाद उनका गांव बलबेहड़ा में जनसभा का कार्यक्रम था लेकिन ग्रामीणों को यह सूचना मिली तो वे हाथों में काले झंडे ले विरोध में उतर आए। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए आयोजकों ने जनसभा का स्थान मंदिर परिसर से बदलकर एक समर्थक के निवास स्थान पर कर दिया, लेकिन युवाओं का विरोध नहीं थमा।
नाराज ग्रामीणों का कहना था कि दुष्यंत चौटाला पांच साल तक भाजपा के साथ सरकार में रहे। इस दौरान उन्होंने किसानों की अनदेखी की। ग्रामीणों का ये भी आरोप था कि सरकार में रहते हुए दुष्यंत चौटाला ने बलबेहड़ा की कोई सुध नहीं ली जबकि बलबेहड़ा ताऊ देवी लाल व ओम प्रकाश चौटाला परिवार का समर्थक गांव रहा है।
इस गांव से हर बार देवीलाल परिवार के सदस्य विजयी होते रहे हैं। नाराज ग्रामीणों का यह भी कहना था कि वे ना तो दुष्यंत चौटाला और उनके प्रत्याशी को गांव में घुसने देंगे और ना ही गांव की सीमा से होकर दूसरे गांव तक जाने देंगे। ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही दुष्यंत चौटाला ने बलबेहड़ा की जनसभा को रद्द कर दिया और उन्हें अगले गांव रिवाड़ जागीर में जनसभा करने के लिए वाया चीका, पीडल से होते हुए रिवाड़ जागीर तक पहुंचना पड़ा।
जेपी ने ना कभी हिसार का भला किया और ना ही कलायत का: अनुराग ढांडा
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ राज्य उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने मंगलवार को गांव सिसला, दुमाड़ा, रेहड़िया, ब्राह्मणीवाला और कसान में जनसभा की। इस दौरान सैंकड़ों ट्रैक्टरों के साथ काफिला निकाला। गांव रेहड़िया में कई परिवार आप में शामिल हुए। अनुराग ढांडा को जगह-जगह महिलाओं ने जीत का आशीर्वाद दिया। ढांडा ने कांग्रेस के सांसद जेपी पर हमला बोला।
कहा कि जेपी ने ना कभी हिसार का भला किया और ना ही कलायत का। कांग्रेस और भाजपा ने कलायत में सिर्फ भ्रष्टाचार के गड्ढे खोदने का काम किया है। आप की सरकार आने पर कलायत में टाउनशिप बनाने का काम करेंगे। पिछले 30 साल से तीन परिवारों को ही बदल-बदल कर विधायक बना रहे हो। कहा कि इनेलो पार्टी लोकसभा चुनावों की तरह विधानसभा चुनावों में भी वोट कटवा पार्टी ही बनकर रह जाएगी।