{"_id":"6903bd5011365e841d0b9727","slug":"cashless-facility-brings-relief-to-common-people-sdm-cheeka-kaithal-news-c-18-1-knl1004-770607-2025-10-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kaithal News: कैशलेस सुविधा से आमजन की राहतः एसडीएम चीका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kaithal News: कैशलेस सुविधा से आमजन की राहतः एसडीएम चीका
Fri, 31 Oct 2025 01:02 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
Updated Fri, 31 Oct 2025 01:02 AM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि आयुष्मान भारत और चिरायु आयुष्मान हरियाणा योजना पात्र परिवारों के लिए नि:शुल्क उपचार में बेहद मददगार साबित हो रही है। इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को बिना किसी खर्च के आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थी परिवार को पांच लाख रुपये तक का सालाना कैशलेस और पेपरलेस चिकित्सा लाभ मिलता है। लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड दिखाकर किसी भी पैनल वाले अस्पताल में इलाज करवा सकता है। इस योजना में द्वितीय और तृतीय श्रेणी की चिकित्सा सेवाएं शामिल हैं। चिरायु आयुष्मान योजना के तहत वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपये से कम वाले परिवारों को नि:शुल्क लाभ प्रदान किया जा रहा है। वहीं एक लाख 80 हजार से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवार मात्र 1500 रुपये प्रीमियम देकर योजना का लाभ ले सकते हैं। ऐसे परिवारों को हर वर्ष प्रीमियम जमा कर कार्ड का नवीनीकरण कराना होगा। लाभार्थी स्वयं भी आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। इसके लिए संबंधित ऐप या लिंक पर जाकर मोबाइल से लॉगिन कर कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है। कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र और आधार से लिंक मोबाइल नंबर जरूरी है। यह सुविधा अटल सेवा केंद्रों पर भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी प्रति व्यक्ति पांच लाख रुपये तक आयुष्मान योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। संवाद