फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Kaithal News ›   जिले में बनेंगी अस्थाई जेल, डीजपी ने दिए आदेश

जिले में बनेंगी अस्थाई जेल, डीजपी ने दिए आदेश

Tue, 22 Aug 2017 11:44 PM IST
Updated Tue, 22 Aug 2017 11:44 PM IST
विज्ञापन
जिले में बनेंगी अस्थाई जेल, डीजपी ने दिए आदेश
जिले में बनेंगी अस्थाई जेल, डीजीपी ने दिए आदेश
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम की 25 अगस्त की पेशी को लेकर जिले में अस्थाई जेल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा कैथल सहित गुहला-चीका, पूंडरी व कलायत में जगह देखी जा रही है। मंगलवार को प्रशासन ने सीमा सुरक्षा बल की कंपनी के साथ मिलकर मॉक ड्रिल किया। साथ ही कैथल व कलायत में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों को पत्थरबाजों से निपटने, लाठीचार्ज करने के तौर-तरीकों व आंसू गैस चलाने के बारे में अभ्यास करवाते हुए प्रशिक्षण दिया गया।

पत्थरबाजी में पुलिस कर्मी को जा लगा पत्थर :-अभ्यास में सबसे एसपी ने पुलिस कर्मचारियों को निर्देश जारी किए। इसके बाद सबसे पहले पत्थरबाजी का अभ्यास करवाया गया। इस दौरान निश्चित दूरी से पुलिस कर्मियों पर पत्थर फेंके गए। कर्मचारियों ने ढाल के माध्यम से अपनी रक्षा की। इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी के हाथ से ढाल टेढ़ी हो गई तो पत्थर उसकी बाजू पर जा लगा। कई पुलिस कर्मियों में इस दौरान आत्मविश्वास की कमी नजर आई। एक कर्मचारी पीछे भी जा गिरा।
विज्ञापन


आंसू गैस छोड़ने का अभ्यास किया, फुस्स निकले कई गोले : इसके बाद पुलिस के जवानों ने आंसू गैस के गोले छोडने का अभ्यास किया। जिसमें अधिकारियों ने भी आंसू गैस के गोले चलाने का अभ्यास किया। इस दौरान कई गोले फुस्स भी निकले। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने लाठीचार्ज, पानी की बौछार जैसी कार्रवाई का भी अभ्यास किया। एसपी ने सभी को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए कहा कि पुलिस कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान सतर्कता बरतें।
विज्ञापन
विज्ञापन

भारी बारिश के बीच पुलिस की तीन टुकड़ियां व एसएसबी की एक कंपनी ने किया फ्लैग मार्च:-फ्लैग मार्च में हरियाणा पुलिस की तीन टुकडिय़ां व एसएसबी की एक टुकड़ी शामिल रही। जिसने लोगों में सुरक्षा की भावना को प्रबल करने के लिए शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान भारी बारिश भी हुई। लेकिन जवान बारिश के बावजूद ड्यूटी पर डटे रहे। डीसी सुनीता वर्मा, एसडीएम कमलप्रीत कौर के नेतृत्व में कैथल में टुकड़ियों द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।

एसपी ने दी ट्रेनिंग : एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि भीड़ को तीतर-बीतर करने का प्रथम विकल्प भीड़ पर पानी की बौछार करना है। यदि पानी की बौछार से प्रदर्शनकारी या भीड़ नहीं भागती है, तो ऐसे में आंसू गैस के गोले दागें। यदि भीड़ हिंसक हो जाती है, तो ऐसी स्थिति में चेतावनी के बाद लाठीचार्ज तथा अंतिम विकल्प के रूप में फायरिंग के आदेश तुरंत दिए जाएं।

यह रहा फ्लैग मार्च का रूट : फ्लैग मार्च पुलिस लाईन से नया बस स्टैंड, करनाल चौक, करनाल रोड, जाट कॉलेज, पिहोवा चौक, पुराना बस स्टैंड, छात्रावास रोड़, भगत सिंह चौक, 11 रुद्री मंदिर, चंदाना गेट, प्रताप गेट, हिन्द सिनेमा चौक, कमेटी चौक से वापिस बस स्टैंड होते हुए करनाल चौक डेरा सच्चा सौदा, जींद बाई-पास से शहर के अन्य हिस्सों से होते हुए पुलिस लाईन में सम्पन्न हुआ।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट को दिए विशेष आदेश : डीसी सुनीता वर्मा ने सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निडर होकर गंभीरता पूर्वक अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट सुरक्षा उपकरणों सहित अग्रिशमन यंत्र, पब्लिक एड्रेस सिस्टम तथा अन्य आवश्यक उपकरण अपनी गाड़ी में मौजूद रखकर स्थिति का दृढ़ता से सामना करते हुए जिलावासियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

दो बार चेतावनी के बाद दे सकते हैं हवाई फायर के आदेश : प्रशासन के अनुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट को भीड़ नियंत्रित करने के लिए जरूरत पड़ने पर हवा में गोली चलाने या लक्ष्य को सूट करने के आदेश का अधिकार है। सर्वप्रथम उन्हें दो बार चेतावनी दी जानी आवश्यक है। चेतावनी को रिकॉर्ड किया जाना भी अनिवार्य है। कोई भी कार्रवाई शुरू करने तथा समाप्त करने का समय भी नोट किया जाए। कार्रवाई के आदेशों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षर के बाद संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा भी हस्ताक्षर किया जाना है।

डेरे में नामचर्चा, डेरे के निकट सीमा सुरक्षा बल ने गाड़ा तंबू
मंगलवार को भी जींद रोड स्थित डेरे में नामचर्चा जारी रही। यहां सत्संग के बीच एक युवक को पकड़कर बाहर निकाल दिया गया। बताया जा रहा है कि वह उन्माद फैलाने का प्रयास कर रहा था। डेरा प्रेमी विजेंद्र इंसा ने कहा कि डेरा अनुयायियों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें। किसी असामाजिक तत्व को परिस्थिति का लाभ ना उठाने दें। दूसरी ओर सीमा सुरक्षा बल ने डेरे के निकट ही तंबू गाड़ लिया है। पुलिस प्रशासन ने भी नाकों पर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी है।

अस्थाई जेल बनेंगी : एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि डीजीपी के आदेशानुसार जिले में अस्थाई जेल बनाई जाएंगी। ताकि जरूरत पड़ने पर उनका प्रयोग किया जा सके। इसके लिए जगह देखी जा रही है। पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। उन्होंने जिला वासियों सहित डेरा अनुयायियों से अपील करते हुए कहा कि शांति बनाए रखें। कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

सीमा सुरक्षा बल व हरियाणा पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
फोटो नंबर- 22
कलायत। कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए हरियाणा पुलिस व सीमा सुरक्षा बल द्वारा कलायत सहित अनेक गांवों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च में एसडीएम जगदीप सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा बल व अधिकारियों की टीम शामिल थी। जगदीप सिंह ने कहा कि 25 अगस्त को सीबीआई कोर्ट द्वारा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख के मामले में सुनाए जाने वाले फैसले को ध्यान में रखते हुए उपमंडल में अमन चैन व कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

डेरा प्रेमियों ने संत राम रहीम पर बनाया दबाव

गुहला-चीका। अगर अनुयायियों की चली तो डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम 25 तारीख को कोर्ट में पेश नहीं होंगे। डेरा प्रेमियों ने अपने गुरु पर पेशी पर न जाने के लिए दबाव बनाया हुआ है। यहां हाउसिंग बोर्ड कालोनी स्थित नामचर्चा घर में काफी संख्या में डेरा प्रेमी जमा हुए। डेरा के प्रमुख सेवादार सुभाष इंसां व हरीश इंसां ने बताया कि गत दिवस डेरा सच्चा सौदा सिरसा में तकरीबन डेढ़ लाख संगत जमा हुई थी। संगत ने संत गुरमीत राम रहीम से विनती की थी कि हमने सदा आपकी हर बात मानी है। आपसे संगत सिर्फ एक बात मनवाना चाहती है कि आप 25 को सीबीआई कोर्ट पंचकूला में ना जाएं। सुभाष इंसा ने कहा कि यह करोड़ों डेरा प्रेमियों की भावना है जिससे गुरु जी को परिचित करवा दिया गया है।

चीका से सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं का जत्था सिरसा के लिए रवाना हो गया। कुछ डेरा प्रेमी पंचकूला भी गए बताए गए हैं। उधर पुलिस भी क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पूरी कोशिशों में जुटी है। डीएसपी गुहला सुलतान सिंह के मुताबिक सभी गांवों व चीका शहर में डेरा प्रेमियों के साथ बैठकें की जा रही हैं। पुलिस द्वारा पूरे क्षेत्र की नाकेबंदी करके आने जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। एसपी कैथल खुद गुहला आए और भागल गांव सहित कई नाकों पर जाकर जांच का मुआयना किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed