सफीदों। विकसित भारत संकल्प यात्रा मंगलवार को हाट गांव में पहुंची। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पूर्व मंत्री बचन सिंह आर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष अमरपाल राणा, भाजपा कोर कमेटी के सदस्य जसमेर रजाना ने शिरकत की। इस अवसर पर उज्ज्वला योजना के 12 लाभार्थियों को गैस चूल्हे व सिलिंडर प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग, आयुष विभाग, बिजली विभाग व मत्सय विभाग से संबंधित लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अतिथियों ने अवलोकन भी किया। बचन सिंह आर्य व जसमेर रजाना ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा वंचित लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। सरकार जनता के घरद्वार पर पहुंचकर उन्हें योजनाओं की जानकारी दे रही है और लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें लाभान्वित कर रही है। सरकार का उद्देश्य यह है कि कोई भी लाभार्थी सरकार द्वारा जनहित के क्रियान्वयन के लिए क्रियान्वित की गई योजनाओं व सेवाओं का लाभ लेने से वंचित न रह जाए। इसके अलावा सरकार का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जनता के बीच जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को विशेषकर कमजोर वर्ग के लोगों को योजना के दायरे में लाना है। भारत को विकसित देश बनाने में समाज के हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा। इस अवसर पर गांव के सरपंच बीरबल, एसईपीओ नरेश कुमार व एबीपीओ अनिल अत्री मौजूद थे।