सफीदों। नगर की सामाजिक संस्था उड़ान ट्रस्ट ग्रुप के तत्वावधान में शनिवार को होली का पर्व मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्रस्ट की महिला विंग की अध्यक्षा ज्योति थनई ने की। इस अवसर पर मंगलामुखी गंगा महंत अपनी टीम के साथ संस्था के कार्यालय पहुंची और त्योहार को संस्था की महिला पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के संग मनाया। इस मौके पर संस्था की महिला कार्यकर्ताओं ने फूलों व आर्गेनिक रंगों के साथ होली खेली। संस्था की कार्यकर्ताओं ने भी होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया।
मंगलामुखी गंगा महंत ने कहा कि होली का रंग, प्रेम का रंग है। इसमें अंहकार भाव नहीं होना चाहिए। होली पर का पर्व स्नेह के आधार से जुड़ा है। प्रेम व मर्यादा में होली खेलकर प्रेम का संदेश आसानी से दिया जा सकता है। वहीं संस्था की अध्यक्षा ज्योति थनई ने कहा कि होली रिश्तों में खटास और भेदभाव को भुलाने का पर्व है। इस दिन गले मिलकर ऊंच-नीच का भेद खत्म हो जाता है। बदलते परिवेश में शांति, प्रेम और सौहार्द की बेहद जरूरत है। होली ही ऐसा पर्व जिसमें हम आपस रंजिश भेदभाव, मनमुटाव दूर कर सकते हैं। थोड़ा सा प्रेम हल्की मुस्कराहट और प्रेम का रंग होली पर भेदभाव खत्म करने का आसान जरिया है। हम सबको होली पर कैमिकल रंगों के बजाय हर्बल रंगों से इस त्योहार को मनाना चाहिए।