उचाना। हरियाणा में जज बनी उचाना कलां बेटी समीक्षा ग्रोवर का रविवार को सर्व जातीय दाडऩ खाप के चबूतरे पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ग्रामीण बस अड्डे से खुली जीप में समीक्षा ग्रोवर को काफिले के साथ लेकर आए। फूलों की बारिश से लोगों ने जज बनी बेटी का जोरदार स्वागत किया। चबूतरे पर पहुंचने से पहले समीक्षा ने दादा खेड़ा पर पूजा-अर्चना की। उचाना कलां के ग्रामीणों के अलावा आस-पास के गांव के लोगों ने कार्यक्रम में पहुंच कर समीक्षा ग्रोवर और उनके पिता होशियार, मां बिमला को भी सम्मानित किया गया।
मंच संचालन प्रसिद्ध कवि चंद्रपाल शर्मा ने किया। नपा प्रधान विकास काला, पूर्व प्रधान इंद्र सिंह श्योकंद ने स्मृति चिन्ह भेंट किए। प्रधान विकास काला ने कहा कि जल्द उचाना कलां में लडक़े, लड़कियों के पढऩे के लिए लाइब्रेरी बनवाई जाएगी। वक्ताओं का कहना था कि बेटा-बेटी में कोई अंतर नहीं है। गांव की बेटी समीक्षा ने जज बन कर पूरे गांव का ही नहीं बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन करने का काम किया है। पढ़ाई का जीवन में बड़ा महत्व होता है। पढ़ाई से जीवन बदल जाता है। आज के प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पढ़ाई सबसे जरूरी है। अभिभावकों को चाहिए कि वो बेटे, बेटियों को उच्च शिक्षा के प्रेरित करें। जीवन में आगे बढऩे के लिए खुद लक्ष्य तय कर उसको लेकर मेहनत करें। इस अवसर पर मांगेराम शर्मा, राजेश, बुल्ला, सुरेश नंबरदार, पालाराम, राजेंद्र, सूरजमल, मनोज श्योकंद, धर्मबीर, राजेश, महेंद्र, सुरेंद्र, सतकुमार, जयभगवान, राजेश मौजूद रहे।