बस अड्डे के पास झज्जर निवासी 65 वर्षीय महिला को नशीला पदार्थ सुंघाकर कानों से सोने की बालियां, तीन अंगूठी और सोने के कंगन छीनने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जेवरात छीनने की यह घटना बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
बहादुरगढ़ की लालचंद कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय राधारानी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 26 दिसंबर को अपने भाई से मिलने के लिए जींद आई थी। भाई से मिलने के बाद वह पिपली में रहने वाले रिश्तेदार के यहां जाने के लिए पुरानी सब्जी मंडी मोड़ पर बस का इंतजार कर रही थी। वहां पर दो युवक आए और कहने लगे कि ताई बस अड्डे से बस मिलेगी, इसलिए ऑटो में बैठकर बस अड्डे चलो। इसके बाद वह उक्त दोनों लड़कों के साथ रुपया चौक पर आ गई। फिर वह ऑटो में बैठ गई। दोनों युवक भी ऑटो में सवार हो गए। बस अड्डे पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। फिर दोनों युवक उसे एकांत में ले गए और उसके सोने के कंगन, 3 सोने की अंगूठी और सोने की बालियां निकाल लीं। यह वारदात बस अड्डे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात इस घटना को अंजाम देकर दोनों युवक भागते दिखाई दे रहे हैं। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि इस मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।