अलेवा। राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को महत्वपूर्ण दिवस समिति, लोक प्रशासन विभाग, राष्ट्रीय सेवा योजना व लीगल लिटरेसी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता शिक्षिका सोनिया ने की और मुख्य रूप से प्राचार्य वीना कुमारी ने हिस्सा लिया। इस दौरान 25 जनवरी राष्ट्रीय मतदाता दिवस, वोट जैसा कुछ नही, हम वोट जरूर डालेंगे और संविधान अंगीकरण दिवस के तहत कई गतिविधियों का आयोजन कराया गया। इसमें संविधान अंगीकरण दिवस के अंर्तगत वाद-विवाद प्रतियोगिता, राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता व वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित कराई गई।
वीना कुमारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय संविधान के प्रति सम्मान व आस्था बनाए रखना। अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य व नीति के निदेशक सिद्वांतों के प्रति जागरूक करना रहा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए बिना किसी धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा व अन्य किसी प्रलोभन से प्रभावित हुए अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक करवाना था। सभी मतदाताओं को लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान देने के लिए अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। इस अवसर प्रो. मनोज प्रदीप व डाॅ. सुनेत रानी मौजूद रही।