नरवाना। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में शुक्रवार को रोजगार मेला का आयोजन किया गया। मीडिया प्रभारी जसबीर मोर ने बताया कि संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर लिमिटेड, नोएडा ने भाग लिया।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेले में 51 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 38 छात्रों ने तकनीकी परीक्षा उत्तीर्ण की और 19 छात्रों का अप्रेंटिसशिप के लिए अंतिम चयन किया गया। संस्थान प्रधानाचार्य ओमपाल ने कहा कि यह हमारे छात्रों के लिए गर्व की बात है कि शीर्ष कंपनियां उन्हें सीधे रोजगार के अवसर प्रदान कर रही हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। सही कौशल और प्रशिक्षण के माध्यम से प्रत्येक युवा के लिए रोजगार के अनगिनत अवसर उपलब्ध हैं। इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल से विनीत कुमार, जसबीर मोर, मुनीम मलिक, वरिष्ठ वर्ग अनुदेशक, जतिंदर शर्मा, रमेश चंद्र मौजूद रहे।