जींद। पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल के किसानों को लेकर बयान की वीडियो वायरल होने पर वामपंथी पार्टियों ने रोष जताया। इस दौरान उन्होंने पुतला फूंककर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार अजय सैनी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में माकपा, भाकपा और भाकपा (माले) के कार्यकर्ता शामिल हुए।
इससे पहले नेहरू पार्क में रोष सभा आयोजित की गई। भाकपा (माले) के जिला सचिव विनोद धड़ोली ने कहा कि सरकार एक तरफ तो किसान आंदोलन में शामिल किसानों पर तरह-तरह के सवाल उठा रही है। दूसरी ओर खुद मुख्यमंत्री द्वारा ऐसी योजना बनाई जा रही है, जिससे हिंसा फैले। किसान आंदोलन को लाठियों से बदाने की योजना बनाई जा रही है। माकपा के जिला सचिव कामरेड रमेश चंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वे कार्यकर्ताओं को सबक सिखाने के लिए डंडे उठाने का आह्वान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा राज्य में हिंसा भड़काने का आह्वान करना संविधान विरोधी है। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री के पद से हटाया जाए। साथ ही आपराधिक केस भी दर्ज किया जाना चाहिए। इस मौके पर मास्टर बलबीर सिंह, डॉ. रामचंद्र, संदीप जाजवान, राजेश कुमार, सुरेश करसोला, अंग्रेज छापर, सतबीर, दीनदयाल, दीपक, अक्षय व पवन मौजूद रहे।