जींद। अखिल भारतीय किसान सभा की राज्य कमेटी की बैठक शहीद सूबे सिंह स्मारक में शुक्रवार को राज्य प्रधान फूल सिंह श्योकंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें किसान आंदोलन के एक वर्ष पूरा होने पर 26 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचने का आह्वान किया गया। इसके अलावा 14 नवंबर को जिले में महिला किसान बैठक करने का भी निर्णय लिया गया।
फूल सिंह श्योकंद ने कहा कि कृषि कानूनों के विरोध में किसान व मजदूरों का धरना पिछले एक साल से दिल्ली के चारों तरफ बॉर्डर पर चल रहा है। 26 नवंबर को इस आंदोलन को एक वर्ष पूरा हो जाएगा। इसलिए 26 नवंबर को भारी संख्या में किसान व मजदूर दिल्ली कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक बारिश के कारण खराब हुई फसलों का मुआवजा नहीं दिया है। इसके लिए भी आंदोलन की रणनीति बनाई जा रही है। राज्य कार्यकारी सचिव सुमित, उपप्रधान इंद्रजीत व कृष्ण प्रसाद ने कहा कि सात नवंबर को टीकरी बॉर्डर पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें ट्रक दुर्घटना में शहीद होने वाली पंजाब की महिलाओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस मौके पर बलबीर ठाकन, डिंपल, मास्टर शेर सिंह, रामस्वरूप, योगेंद्र, श्रद्धानंद सोलंकी, धर्मचंद, बलवान, शमशेर नंबरदार, सतबीर, रामफल, महेंद्र, महिपाल व कुलदीप भी मौजूद रहे।