28 अक्तूबर को पंजाब नेशनल बैंक से 20 लाख रुपये की चोरी करने के अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जींद पुलिस मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के गांव कड़िया गांव तो पहुंच गई है, लेकिन आरोपियों पर दबिश नहीं दे पा रही है। दरअसल गांव में अपराधियों का दबदबा है। गांव के काफी लोग इसी प्रकार के अपराध में संलिप्त हैं। ऐसे में स्थानीय पुलिस भी कड़िया गांव में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं। अब सिविल लाइन थाना पुलिस ने अधिकारियों को पत्र लिखकर उच्च स्तर पर सहयोग मांगने के लिए कहा है।
गौरतलब है कि 28 सितंबर दोपहर को एक 10 से 11 साल का बच्चा बैंक से 20 लाख रुपये चुराकर ले जाता है। इसकी जांच में पुलिस ने बच्चे को तो राजस्थान से पकड़ लिया है, लेकिन इस मामले में शामिल उसके पिता, चचेरा भाई व एक अन्य की तलाश जारी है। बच्चे से पुलिस को पता चला है कि वे मध्यप्रदेश के कड़िया गांव के रहने वाले हैं। जिस गाड़ी में आकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया, वह गाड़ी भी मध्य प्रदेश में ही रजिस्टर्ड है। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए गांव में पहुंच चुकी है। अब इन आरोपियों को गांव से गिरफ्तार करने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के उच्च अधिकारियों से बात चल रही है। इसके बाद ही पुलिस बल के साथ गांव में छापा मारकर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। अभी तक पुलिस ने इस मामले में बैंक से पैसे चुराने वाले एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।