जींद। मौसम का आगाज सुबह ही धुंध के साथ होने के कारण आमजन व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दस बजे के बाद धुंध छंट गई और दिनभर मौसम साफ रहा। बुधवार को आसमान में बादल छाने की संभावना है। रात को तापमान कम होने से ठंड बढ़ती है, लेकिन दिन में धूप निकलने से राहत भी मिलती है।
मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 18 तो न्यूनतम सात डिग्री रहा, जबकि हवा की गति आठ किलोमीटर प्रति घंटा और मौसम में आद्रता 98 प्रतिशत रही। लोगों ने दिनभर खिली धूप का आंनद लिया। इसके चलते आमजन के कामकाज भी दिन में प्रभावित नहीं हुए। दिन में अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ, जबकि सुबह तापमान कम होने के कारण लोगों को ज्यादा ठंड महसुस हुई, रात के समय न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। धूप के खिलने से सब्जी समेत अन्य फसलों में लाभदायक होता है। सर्दी के कारण सब्जी की फसल खराब होने का डर रहता है। मौसम विभाग के अनुसार मौसम परिवर्तनशील तथा शुष्क बना रहेगा। धुंध तथा कोहरा भी देखने को मिलेगा। शाम को प्रतिदिन ठंड बढ़ने से लोगों को चद्दर व अन्य गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ता है। रात को कोहरा तथा धुंध भी देखने को मिलेगी। दिन तथा रात का तापमान संतुलित बना रहे तो फसलों को और ज्यादा फायदा पहुंच सकता है। मौसम वैज्ञानिक डाॅ. राजेश ने बताया कि बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। दिन में मौसम साफ रहेगा। हल्की धुंध भी दिखाई दे सकेगी। तापमान भी सामान्य ही रहेगा।