नरवाना। क्षेत्र के फैरन कलां और इस्माईलपुर गांवों के खेतों में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों से पानी की निकासी के लिए ड्रेन खोदाई का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने अधिकारियों की टीम के साथ दौरा किया और पानी निकासी प्रबंधों का जायजा लिया।
क्षेत्र के धरोदी, नरवाना, इस्माइलपुर और फैरण कलां गांवों के खेतों में पिछले करीब दो महीने से बारिश का पानी भरा हुआ है। इससे किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ढलान के कारण अधिकतर पानी फैरन कलां गांव के खेतों में रुका हुआ है। वहीं इस क्षेत्र के आसपास कोई ड्रेन नहीं होने के कारण पानी निकासी में दिक्कत आ रही है। ऐसे में शुक्रवार को यहां अस्थायी ड्रेन का काम शुरू करवाया गया है। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि क्षेत्र के सभी खेतों में गेहूं की बिजाई हो जाए। इस मौके पर एक्सईएन सिंचाई विभाग बनारसीदास जागलान, नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार मौजूद रहे।