जुलाना । शादीपुर गांव में सोमवार को मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से घर के अंदर मौजूद दो महिलाओं समेत पांच लोग झुलस गए। जिनको आसपास के लोगों की सहायता से मकान से निकालकर इलाज के लिए सामुदायिक केंद्र जुलाना पहुंचाया गया। जहां पर उनकी गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने उनको पीजीआई रेफर कर दिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
सोमवार को सुनील अपने घर पर ही था। इस दौरान उसका साथी जुलाना निवासी सोनू, गांव का ही नरेंद्र, नरेंद्र की मां व पत्नी भी आई हुई थी। इसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। आग से कमरे में रखा घरेलू सामान जल गया और आग से सुनील, नरेंद्र, नरेंद्र की मां व पत्नी भी झुलस गई। आग की लपटों को देखकर पड़ोसी व अन्य लोग वहां पर पहुंच गए और पानी से आग को काफी मशक्कत के बाद बुझाया। जिसके बाद आग में झुलसने के कारण बेसुध हुए लोगों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए जुलाना के सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफ र कर दिया। सुनील के पिता दिलबाग ने बताया कि उसके बेटे सुनील समेत पांचों उनके घर में बने एक छोटे कमरे में बैठे हुए थे। इस दौरान वह घर में नहीं था। जब वह सोमवार दोपहर बाद घर पर आया तो घर में आग लगी हुई थी। लोग पानी से आग बुझा रहे थे।