जींद। एसएफआई की जिला कमेटी ने सोमवार को जिला प्रधान पूनम की अध्यक्षता में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की परीक्षा लेने के सीआरएसयू के निर्णय के विरुद्ध प्रदर्शन किया। इसके बार रजिस्ट्रार राजेश पूनिया को ज्ञापन सौंपकर परीक्षा को रद्द करवाने की मांग की।
जिला प्रधान पूनम जांगड़ा के नेतृत्व में चार सदस्यीय कमेटी का गठन कर रजिस्ट्रार के साथ बैठक की गई। इसमें परीक्षाओं को रद्द करवाने तथा दाखिला फीस में 50 प्रतिशत कटौती करने के बाद दो किस्तों में फीस को जमा करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन विद्यार्थियों की पारिवारिक आर्थिक स्थिति खराब है उनको लैपटॉप या एंड्रॉयड मोबाइल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। एक दिन में चार से ज्यादा कक्षा नहीं ली जाए। इस पर रजिस्ट्रार राजेश पूनिया ने कहा कि वह उनकी मांगों पर विचार विमर्श करेंगे। नियमों के अनुसार अगर फीस माफी व दो किस्तों में जमा करवाने का प्रावधान है तो वह इसके बारे में अध्ययन करेंगे। इस अवसर पर विनोद गिल, ममता मेहरा, अंजू, पूजा पेगां, ज्योति किठाना मौजूद रही।