किसान आंदोलन स्थगित होने के बाद पहली बार उचाना में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला आएंगे। रविवार को प्रस्तावित कई गांवों के कार्यक्रम में वह कार्यकर्ताओं के यहां पहुंचेंगे। दरोली खेड़ा सहित विभिन्न गांवों में दोपहर बाद डिप्टी सीएम आएंगे। 13 महीने से अधिक समय दुष्यंत चौटाला को अपने हलके में आए हो चुका है। दो बार उचाना आने के कार्यक्रम बने लेकिन किसानों के विरोध के चलते कार्यक्रम स्थगित हो गए।
गौरतलब है कि कृषि कानूनों को रद्द करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा व खापों द्वारा जजपा व भाजपा नेताओं के गांव में आने पर उनके विरोध का फैसला किया था। इस फैसले के चलते उचाना हलके में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला जब तब किसान आंदोलन चला तो नहीं आए। अब किसान आंदोलन इस माह से स्थगित हो चुका है तो हलके में आने की शुरूआत अपने कार्यकर्ताओं के यहां पहुंच कर करेंगे। उचाना जेजेपी कार्यालय प्रभारी प्रोफेसर जगदीश सिहाग ने कहा कि रविवार को उचाना कलां में राजेंद्र शर्मा व धर्मबीर श्योकंद के यहां डिप्टी सीएम आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगे। दरोली खेड़ा में कर्ण सिंह, डोहाना खेड़ा में पिरथी श्योकंद के अलावा काकड़ोद गांव में राजेंद्र श्योकंद के यहां आयोजित समारोह में वह हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे व उनकी समस्याएं सुनेंगे।