जींद: बुजुर्ग महिलाएं भीड़भाड़ में बुजुर्गों को बातों में उलझा पेय पदार्थ में पिलाती थी नशे की गोलियां, एकांत में लेजाकर करती थी लूट
पुलिस ने बुजुर्गों को लूटने वाले गिरोह की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाओं ने आठ वारदात कुबूल की हैं। पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर भेजा है।
विस्तार
हरियाणा के जींद शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बुजुर्गों को निशाना बनाकर उनसे नकदी व आभूषण लूटने वाले गिरोह की दो बुजुर्ग महिलाओं रधाना निवासी राजपति, अलीपुरा निवासी फुली देवी को बुधवार को पुलिस ने पकड़ लिया। दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक इन महिलाओं का निशाना नागरिक अस्पताल, बस अड्डा, बाजार समेत भीड़भाड़ वाले इलाके होते थे। यहां अकेले बुजुर्गों से बात करके उन्हें बातों में उलझा लेती थीं। इसके बाद नशीली चाय तो कभी जूस पिला देती थीं। महिलाएं अपने पास नशे की गोलियां रखती थीं। इसके बाद वे बुजुर्गों को एकांत स्थान पर ले जातीं और नशा होने के बाद उनके जेवर, नकदी व जो भी सामान होता उसको लूट कर फरार हो जाती थीं। इस तरह से इन दोनों बुजुर्ग महिलाओं ने शहर में सात तो एक हिसार में वारदात की बात कबूल की है।
इन लोगों को बनाया निशाना
25 मई 2021 को पालिका बाजार में दोनों महिलाओं ने एक बुजुर्ग को अपनी बातों में लिया और सलाकर गुरुद्वारा के पास ले जाकर कोल्ड ड्रिंक में नशे की गोली मिलाकर पिला दी। इससे वह बेहोश हो गया। इसका फायदा उठाकर उन्होंने उसके हाथ में पहनी हुए सोने की अंगूठी, एक चांदी का छल्ला, एक मोबाइल व 800 रुपये लूट लिए। इस तरह दोनों ने नौ महीने पहले एक औरत को अपनी बातों में लेकर नींद की गोली खिलाकर कानों की बालियां व 800 रुपये छीने थे, नौ महीने पहले ही एक महिला से इसी तरह कानों की बालियां, सोने का ओम, चांदी की चेन व 24000 रुपये, 7 माह पहले एक महिला से कानों की बालियां, एक तबीजी, 210 रुपये, छह माह पहले शहर में ही महिला से सोने की ताबीज, एक अगूंठी सोने की, कानों की बालियां, मोबाइल व 2000 रुपये, उचाना में एक औरत से कानों की बाली, सोने का ओम और तीन हजार रुपये छीने, दो माह पहले शहर से एक औरत के कानों की बालियां व 35 हजार रुपये, नरवाना में दो माह पहले एक औरत के गले से ताबीज, 20 दिन पहले बरवाला से एक औरत को अपना शिकार बना सोने की बालियां, एक पर्स व पांच हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया।
यहां से पकड़ा
आरोपी महिलाओं को बुधवार सुबह जयंती देवी मंदिर के पास से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से अदालत के आदेश पर दोनों को दो दिन के रिमांड पर लिया है।